October 6, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

सीवर-जलभराव से स्ट्रीट लाइट तक समाधान पर बनी रणनीति

1 min read
Spread the love

सीवर-जलभराव से स्ट्रीट लाइट तक समाधान पर बनी रणनीति
नगर परिषद की साधारण सभा में 13 सूत्रीय एजेंडे पर मंथन, नव-नियुक्त पार्षदों का हुआ सम्मान
धौलपुर,

नगर परिषद धौलपुर बोर्ड की साधारण सभा की महत्वपूर्ण बैठक मेला ग्राउंड स्थित मीटिंग हॉल में सभापति गिरीश गर्ग की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिला कलेक्टर श्रीनिधि बी.टी., नगर परिषद आयुक्त विष्णु परमार, पार्षदों एवं अधिकारियों ने भाग लिया। सदन में शहर के विकास, जनसुविधाओं और आमजन से जुड़ी समस्याओं को लेकर 13 सूत्रीय एजेंडे पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की शुरुआत में जिला कलेक्टर, आयुक्त एवं नगर परिषद स्टाफ की ओर से नव-नियुक्त पार्षदों का साफा एवं माला पहनाकर स्वागत किया गया। इसके बाद विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा शुरू हुई।
सीवर और जलभराव की समस्या पर जोर
सदन में शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने, क्षतिग्रस्त सीवर चैंबरों की मरम्मत तथा बंद सीवर लाइनों को दुरुस्त कराने पर चर्चा हुई। बारिश के दौरान जलभराव से राहत के लिए जल निकासी व्यवस्था मजबूत करने पर भी जोर दिया गया। खराब संसाधनों और क्षतिग्रस्त कचरा पात्रों की मरम्मत के साथ आवश्यकता के अनुसार नए संसाधन खरीदने पर विचार हुआ।
स्ट्रीट लाइट और आवारा पशुओं का मुद्दा
बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को शीघ्र दुरुस्त कराने तथा जरूरत वाले क्षेत्रों में नई लाइटें लगाने पर सहमति बनी। आवारा मवेशियों एवं बंदरों की समस्या से निजात दिलाने के लिए उन्हें शहर से दूर विस्थापित करने की योजना पर भी विचार किया गया।
एक करोड़ की प्लेसमेंट योजना पर चर्चा
नगर परिषद कार्यालय में मानव संसाधन उपलब्ध कराने के लिए जॉब बेसिस पर प्लेसमेंट एजेंसी के माध्यम से कार्य कराने के करीब एक करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाले प्रस्ताव पर मंथन किया गया। नगर परिषद निधि का ब्याज सहित पीडी खाते में संचालन तथा अनावश्यक निजी बैंक खातों को बंद कराने पर भी चर्चा हुई।
शरद महोत्सव की तैयारियों पर भी मंथन
बैठक में शरद महोत्सव-2026 के आयोजन की रूपरेखा पर चर्चा की गई। मेला ग्राउंड को सामाजिक एवं व्यावसायिक आयोजनों के लिए किराये पर देने की नई दरों तथा नगर परिषद की फायर ब्रिगेड सेवाओं के शुल्क निर्धारण पर भी विचार हुआ। स्थानीय निधि अंकेक्षण से जुड़े ऑडिट पैरों की समयबद्ध अनुपालना सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
बैठक के समापन पर जिला कलेक्टर श्रीनिधि बी.टी. एवं सभापति गिरीश गर्ग ने सभी पार्षदों और अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए शहर के विकास एवं जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए आपसी समन्वय से कार्य करने का आह्वान किया।


ब्यूरो — विजय शर्मा, धौलपुर (राजस्थान)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *