जमीन के विवाद में मारपीट का आरोप, पीड़ित ने हैदरगंज पुलिस पर लगाए मिलीभगत के आरोप
1 min readजमीन के विवाद में मारपीट का आरोप, पीड़ित ने हैदरगंज पुलिस पर लगाए मिलीभगत के आरोप
एसडीएम के स्थगन आदेश के बावजूद कब्जे की कोशिश का दावा, एसएसपी से न्याय की गुहार लगाएगा पीड़ित परिवार
अयोध्या
अयोध्या जनपद में हैदरगंज थाना क्षेत्र के रखौना गांव में जमीन के विवाद को लेकर एक ब्राह्मण परिवार के साथ मारपीट किए जाने का आरोप सामने आया है। पीड़ित कुलदीप दूबे ने विपक्षी पक्ष मोहन लाल यादव, सूर्ज लाल यादव, हरे लाल यादव, जिया लाल यादव पुत्र गण जयराम यादव, राजू उर्फ संदीप यादव पुत्र सूर्ज लाल यादव पर दबंगई के बल पर जमीन पर कब्जा करने की कोशिश और स्थानीय पुलिस पर मिलीभगत का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित ने अब वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अयोध्या से शिकायत कर न्याय और सुरक्षा की गुहार लगाने की बात कही है। पीड़ित के अनुसार, गांव में गाटा संख्या 397 रकबा 0.076 हेक्टेयर की भूमि का उन्होंने वर्ष 2023 में बैनामा कराया था। उनका दावा है कि चौहद्दी के आधार पर दाखिल-खारिज कराने के बाद से ही जमीन पर उनका कब्जा है। आरोप है कि विपक्षी पक्ष ने वर्ष 2024 में उसी गाटा संख्या और चौहद्दी के आधार पर अपने और अपनी पत्नी के नाम दाखिल-खारिज करा लिया और जमीन पर कब्जे का प्रयास शुरू कर दिया। कुलदीप दूबे का कहना है कि जमीन को लेकर उन्होंने न्यायालय में वाद दाखिल किया है। उनके मुताबिक, उपजिलाधिकारी बीकापुर की ओर से स्थगन आदेश भी पारित किया गया है, इसके बावजूद विपक्षी पक्ष कथित तौर पर जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहा है।
पीड़ित ने बताया कि जमीन पर कब्जे की कोशिश की सूचना उन्होंने डायल 112 पर दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने उन्हें बुलाया, जहां कथित तौर पर विपक्षी पक्ष ने उनके साथ मारपीट की। पीड़ित का आरोप है कि डायल 112 के पुलिसकर्मियों ने उन्हें बचाकर थाने पहुंचाया, लेकिन हैदरगंज पुलिस ने विपक्षियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय उल्टे उनका ही चालान कर दिया। पीड़ित ने यह भी दावा किया कि मारपीट की घटना का वीडियो डायल 112 की टीम ने बनाया था, लेकिन उसे दिखाया नहीं जा रहा है। उन्होंने स्थानीय पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई और प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। अब पीड़ित परिवार ने एसएसपी से मिलकर पूरे प्रकरण की शिकायत करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने की बात कही है। पीड़ित कुलदीप दुबे ने मीडिया से मुखातिक होकर बताया कि ब्राह्मण होने के नाते योगी सरकार में यादव परिवार द्वारा प्रताड़ित किया जा रहा है जबकि हमारा पूरा परिवार भारतीय जनता पार्टी को सपोर्ट करता है बावजूद उसके विपक्षियों पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। हालांकि, मामले में सीओ बीकापुर से दूरभाष पर बात की गई तो उन्होंने बताया स्थगन आदेश की कांपी और बैनामा की कॉपी सहित प्रार्थना पत्र भिजवा दीजिए मैं कार्यवाही करवाता हूं।


