लाखों की चोरी का डेढ़ माह बाद भी खुलासा नहीं, एसपी के आदेश पर पहुंचे सीओ-कोतवाल, 5 दिन बाद भी बरामदगी जीरो
1 min readकर्नलगंज: कुम्हरगढ़ी में लाखों की चोरी का डेढ़ माह बाद भी खुलासा नहीं, एसपी के आदेश पर पहुंचे सीओ-कोतवाल, 5 दिन बाद भी बरामदगी जीरो
पीड़ित ने एसपी से लगाई एसओजी जांच की गुहार – बोला, “कोतवाली में क्या पूछताछ हुई, हमें तक नहीं बताया”
गोण्डा। कर्नलगंज कोतवाली पुलिस की कार्यशैली पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। वार्ड नंबर 4 कुम्हरगढ़ी में 3 अक्टूबर की रात हुई लाखों की चोरी का पुलिस डेढ़ महीना बाद भी खुलासा नहीं कर सकी है। पीड़ित परिवार को कोतवाली से चौकी तक सिर्फ दौड़ाया जा रहा है, जबकि चोर खुलेआम घूम रहे हैं।
बंद घर को बनाया निशाना, लाखों के जेवर उड़े
मामला कुम्हरगढ़ी वार्ड नं. 4 निवासी अतुल कुमार मौर्य पुत्र सहदेव मौर्य का है। पीड़ित के अनुसार 3 अक्टूबर की रात अज्ञात चोरों ने उनके बंद घर का ताला तोड़कर लाखों के सोने-चांदी के जेवरात पार कर दिए। चोरी गए माल में एक सोने का हार, एक जोड़ी कंगन, मांग टीका, दो बड़ी व तीन छोटी सोने की जंजीरें, तीन अंगूठियां, एक जोड़ी झुमकी और दो चांदी के करवा शामिल हैं।
5 अक्टूबर को एफआईआर,जांच के नाम पर खानापूर्ति
पीड़ित ने बताया कि घटना के दो दिन बाद 5 अक्टूबर 2026 को कोतवाली कर्नलगंज में मु0अ0सं0 593/2026 धारा 305(A), 331(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज हुआ। विवेचना उपनिरीक्षक शरद कुमार को दी गई, लेकिन एक महीने तक मौके पर तक नहीं गए।
एसपी से गुहार के बाद जागी पुलिस
विवेचना में लापरवाही से तंग आकर पीड़ित अतुल मौर्य ने 27 अक्टूबर को पुलिस अधीक्षक गोण्डा को प्रार्थना पत्र देकर एसओजी और सर्विलांस टीम से जांच की मांग की। एसपी के कड़े रुख के बाद 5 दिन पहले सीओ कर्नलगंज और कोतवाल कर्नलगंज भारी फोर्स के साथ कुम्हरगढ़ी पहुंचे। घटनास्थल का मुआयना किया और कुछ संदिग्धों को कोतवाली बुलाकर पूछताछ भी की।
पीड़ित का आरोप – “हमें अंधेरे में रखा जा रहा है”
पीड़ित परिवार का कहना है, “बड़े साहब लोग आए, जांच की, कुछ लोगों को उठाया भी, लेकिन उसके बाद क्या निकला, क्या बरामद हुआ, हमें आज तक कोई जानकारी नहीं मिली। हम रोज कोतवाली जाते हैं, बस आश्वासन मिलता है – हो रहा है, हो रहा है।”
पुलिस की लापरवाही से पीड़ित में रोष
डेढ़ महीना बीतने के बाद भी एक भी जेवर की बरामदगी न होने से पूरे मोहल्ले में दहशत और आक्रोश है। लोगों का कहना है कि अगर पुलिस ने समय रहते सर्विलांस और एसओजी को लगाया होता तो आज तक चोर सलाखों के पीछे होते।
डेढ़ महीना बीतने के बाद भी चोरी गए जेवरात की बरामदगी नहीं होने से पीड़ित परिवार में रोष है। परिवार ने मांग की है कि स्थानीय पुलिस से जांच हटाकर एसओजी व सर्विलांस टीम को लगाकर जल्द से जल्द घटना का खुलासा किया जाए।

