पंचायत चुनावों के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने पुलिस बल के साथ कौलारी क्षेत्र के मतदान केन्द्रों का लिया जायजा
1 min readधौलपुर, राजस्थान।
पंचायत चुनावों के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने पुलिस बल के साथ कौलारी क्षेत्र के मतदान केन्द्रों का लिया जायजा
शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में पंचायत चुनाव सम्पन्न कराने के लिए धौलपुर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद
मतदान केन्द्रों की सुरक्षा व्यवस्था, संवेदनशीलता एवं पुलिस तैनाती को लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
आगामी पंचायत चुनावों को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से धौलपुर पुलिस द्वारा सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था संबंधी तैयारियों को निरंतर प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में आज पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा सहित अन्य पुलिस अधिकारियों एवं जाप्ते के साथ कौलारी थाना क्षेत्र में मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया
पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने मतदान केन्द्रों का भौतिक निरीक्षण करते हुए वहां की सुरक्षा व्यवस्था, पहुंच मार्ग, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, आसपास के क्षेत्र की स्थिति तथा मतदान के दौरान संभावित कानून-व्यवस्था संबंधी चुनौतियों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों से मतदान केन्द्रों की संवेदनशीलता एवं स्थानीय परिस्थितियों के संबंध में जानकारी लेते हुए चुनाव के दौरान आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पंचायत चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही मतदान केन्द्रों एवं उनके आसपास पर्याप्त पुलिस जाप्ते की उपलब्धता, नियमित गश्त एवं प्रभावी निगरानी बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। धौलपुर पुलिस का उद्देश्य है कि प्रत्येक मतदाता बिना किसी भय, दबाव अथवा प्रलोभन के अपने मताधिकार का स्वतंत्र रूप से प्रयोग कर सके। चुनाव के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जा रहे हैं। साथ ही आमजन से भी अपील की कि वे शांतिपूर्ण चुनाव प्रक्रिया में सहयोग करें तथा किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री वैभव शर्मा, वृताधिकारी वृत्त सैंपऊ मनोहर मीणा, थानाधिकारी थाना कौलारी हरिनारायण मीणा, डीएसटी टीम सहित पुलिस जाप्ता मौजूद रहा। आगामी पंचायत चुनावों के दौरान निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं कानून-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिले में शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में चुनाव सम्पन्न कराने के लिए लगातार क्षेत्र में निगरानी एवं पुलिस व्यवस्थाओं को मजबूत किया जा रहा है।
विजय कुमार शर्मा ब्यूरो

