October 6, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

नगर परिषद धौलपुर साधारण सभा बैठक ,13 मुद्दों पर मंथन,,

1 min read
Spread the love

धौलपुर, राजस्थान।
नगर परिषद धौलपुर साधारण सभा बैठक ,13 मुद्दों पर मंथन,,

सीवर-जलभराव से स्ट्रीट लाइट तक समाधान की बनी रूपरेखा
नगर परिषद की साधारण सभा में नव-नियुक्त पार्षदों का सम्मान,

शरद महोत्सव और शहर की व्यवस्थाओं को लेकर भी हुई अहम चर्चा,

धौलपुर, न्यूज।
नगर परिषद धौलपुर बोर्ड की साधारण सभा की महत्वपूर्ण बैठक मेला ग्राउंड स्थित मीटिंग हॉल में सभापति गिरीश गर्ग की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिला कलेक्टर श्रीनिधि बी.टी., नगर परिषद आयुक्त विष्णु परमार सहित नगर परिषद के पार्षद एवं अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में शहर के विकास, जनसुविधाओं और आमजन से जुड़ी समस्याओं के समाधान को लेकर 13 सूत्रीय एजेंडे पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक की शुरुआत में जिला कलेक्टर श्रीनिधि बी.टी., आयुक्त विष्णु परमार एवं नगर परिषद स्टाफ की ओर से नव-नियुक्त पार्षदों का साफा एवं माला पहनाकर स्वागत किया गया। इसके बाद बैठक की कार्यवाही शुरू हुई।

सीवर, जलभराव और सफाई व्यवस्था पर विशेष जोर,

बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के साथ सीवर की समस्याओं के समाधान पर चर्चा हुई। टूटे सीवर चैंबरों की मरम्मत तथा बंद पड़ी सीवर लाइनों को दुरुस्त कर चालू कराने पर जोर दिया गया। बारिश के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या से राहत के लिए जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने पर भी मंथन हुआ।
नगर परिषद के खराब पड़े संसाधनों एवं क्षतिग्रस्त कचरा पात्रों की मरम्मत कराने तथा जरूरत के अनुसार नए संसाधन और कचरा पात्र खरीदने पर भी चर्चा की गई। शहर में बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल ठीक कराने और आवश्यकता वाले क्षेत्रों में नई लाइटें लगाने पर सहमति बनी।

आवारा पशुओं और बंदरों से राहत की योजना,

शहरवासियों को आवारा मवेशियों एवं बंदरों की समस्या से राहत दिलाने के लिए उन्हें शहर से दूर विस्थापित करने की योजना पर भी विचार-विमर्श किया गया। इसके अलावा मेला ग्राउंड को सामाजिक एवं व्यावसायिक आयोजनों के लिए किराये पर देने की नई दरें तय करने तथा नगर परिषद की फायर ब्रिगेड सेवाओं के शुल्क निर्धारण के मुद्दे पर चर्चा हुई।

एक करोड़ की मैनपावर प्लेसमेंट योजना पर चर्चा,

नगर परिषद कार्यालय में मानव संसाधन उपलब्ध कराने के लिए जॉब बेसिस पर प्लेसमेंट एजेंसी के माध्यम से कार्य कराने के एक करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाले प्रस्ताव पर भी सदन में विचार किया गया। वहीं नगर परिषद निधि का ब्याज सहित पीडी खाते में संचालन करने तथा अनावश्यक निजी बैंक खातों को बंद कराने के संबंध में भी चर्चा हुई।
बैठक में शरद महोत्सव-2026 के आयोजन की तैयारियों एवं रूपरेखा पर भी विचार किया गया। साथ ही स्थानीय निधि अंकेक्षण से जुड़े ऑडिट पैरों की समयबद्ध एवं शत-प्रतिशत अनुपालना सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। सभापति की अनुमति से पार्षदों ने अन्य स्थानीय समस्याओं एवं जनहित के मुद्दों को भी सदन के समक्ष रखा।
बैठक के समापन पर जिला कलेक्टर श्रीनिधि बी.टी. एवं सभापति गिरीश गर्ग ने पार्षदों और अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए शहर के सर्वांगीण विकास तथा जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *