महत्मा गांधी के स्वच्छता के संदेश पर अमल करना हमारी सबसे बड़ी जरूरत,
1 min readजिले में धूमधाम से मनाई गांधी एवं शास्त्री जयंती,
गांधी के स्वच्छता के संदेश पर अमल करना हमारी सबसे बड़ी जरूरत,
धौलपुर,
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के जन्मदिवस पर कार्यक्रम का आयोजन शहर के गांधी पार्क में किया गया। मुख्य कार्यक्रम के आयोजन से पूर्व जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित गांधी प्रतिमा पर पर माल्यार्पण किया। मुख्य कार्यक्रम में विद्यालय व महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं, सामाजिक संगठनों, गणमान्य नागरिकों व अधिकारियों ने भाग लेकर एक साथ गांधीजी के भजनों का सामूहिक गायन कर महात्मा गॉधी के आदर्शों, मूल्यों को अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान जिला कलक्टर ने कहा कि गांधी जी के जन्मदिन पर हमें उनके स्वच्छता के संदेश पर अमल करने की सीख लेनी चाहिए। बदलते परिवेश में स्वच्छता के संदेश पर अमल करना हमारे समय की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने कहा कि जिले के विगत कई महीनों से अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा स्वच्छता अभियान के तहत सार्वजनिक स्थानों की साफ-सफाई की जा रही है। आमजन को भी शहर को स्वच्छ बनाये रखने में अपना अमूल्य योगदान देना चाहिए। उन्होंने गांधी के सिद्धांतों को जीवन में उतारने, सत्य अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए आपसी भाईचारे और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। जिला कलक्टर ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के जीवन से सादगी के साथ उत्कृष्टता की सीख मिलती है जिसे भी हमें आत्मसात करना चाहिए। कार्यक्रम में जिला कलक्टर द्वारा उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्कूली छात्र-छात्राओं को नशा मुक्ति अभियान के तहत नशा मुक्ति की शपथ दिलाई।
इस दौरान जिले के आलाधिकारियों ने महात्मा गांधी को श्रद्धा सुमन अर्पित किये। सभी गणमान्यों ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उनके चित्र के समक्ष पुष्प अर्पित किए। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर हरिराम मीणा सहित अधिकारी कर्मचारीगण, गणमान्य नागरिक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन गोविंद शर्मा द्वारा किया गया।
विजय कुमार शर्मा ब्यूरो

