October 1, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

विद्युत विभाग की बड़ी लापरवाही: बिना शटडाउन कराया काम, करंट से युवक की मौत, दो मासूम अनाथ

1 min read
Spread the love

विद्युत विभाग की बड़ी लापरवाही: बिना शटडाउन कराया काम, करंट से युवक की मौत, दो मासूम अनाथ

करनैलगंज, गोंडा। कोतवाली करनैलगंज के बालपुर चौकी क्षेत्र के हरसिंहपुर गांव में विद्युत विभाग की घोर लापरवाही ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया। एलटी लाइन पर बिना शटडाउन के काम कराते समय करंट की चपेट में आने से एक 32 वर्षीय युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान सोहन लाल (32) पुत्र हरिराम निवासी हरसिंहपुर के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार गुरुवार सुबह करीब 9:30 बजे सोहन लाल ठेकेदार के साथ कटरा फीडर के मैजापुर क्षेत्र में एलटी लाइन में आए फाल्ट को ठीक करने गया था। खंभे पर चढ़कर लाइन जोड़ते समय अचानक उसमें करंट दौड़ गया। करंट लगते ही सोहन गंभीर रूप से झुलस गया और खंभे से नीचे गिर पड़ा। मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। गांव में सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई और विद्युत विभाग के खिलाफ आक्रोश फूट पड़ा।

दो मासूमों के सिर से उठा पिता का साया

सोहन लाल परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था और मजदूरी कर परिवार पालता था। उसके दो मासूम बेटे हैं – सत्यम (10 वर्ष) और शिवम (8 वर्ष)। पिता की असमय मौत से दोनों बच्चों के सिर से साया उठ गया है। मां का रो-रोकर बुरा हाल है।

ग्रामीणों का आरोप – बिना शटडाउन के काम

ग्रामीणों ने सीधे तौर पर विद्युत विभाग और ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि ठेकेदार ने बिना शटडाउन लिए ही सोहन को खंभे पर चढ़ा दिया। न तो सुरक्षा उपकरण दिए गए और न ही लाइन बंद कराई गई। यह सीधे-सीधे मानव हत्या है।

घटना की सूचना पर बालपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोंडा भेज दिया। हैरानी की बात है कि घटना के कई घंटे बाद तक विद्युत विभाग का कोई भी जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा।

ग्रामीणों ने जिलाधिकारी गोंडा से मांग की है कि मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषी ठेकेदार और संबंधित जेई के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए और मृतक के असहाय परिवार को 20 लाख रुपये का मुआवजा व सरकारी सहायता दी जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *