September 25, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

दीवानी कचहरी गेट पर दिनदहाड़े मीडियाकर्मी पर हमला, कचहरी परिसर में दहशत

1 min read
Spread the love

दीवानी कचहरी गेट पर दिनदहाड़े मीडियाकर्मी पर हमला, कचहरी परिसर में दहशत

चाय पीते समय दबंगों ने सिर फोड़ा, मेडिकल कॉलेज में भर्ती

गोंडा। जिले में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। नगर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर करीब 2.30 बजे मीडियाकर्मी सत्यम मिश्रा पर 5 से 6 दबंगों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में मीडियाकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां इमरजेंसी में उसका इलाज चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सत्यम मिश्रा अपने साथी नदीम सिद्दीकी के साथ दीवानी कचहरी गेट के पास हनुमान मंदिर के पास चाय की दुकान पर चाय पी रहे थे। तभी पहले से घात लगाए 5 से 6 दबंगों ने उन पर हमला कर दिया। हमला इतना अचानक था कि सत्यम कुछ समझ पाते इससे पहले ही दबंगों ने उनका सिर फोड़ दिया। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर घायल को गोंडा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया।
बताया जा रहा है कि यह हमला पुरानी रंजिश के चलते किया गया है। कुछ दिन पहले अंबेडकर चौराहे पर वकीलों के विरोध प्रदर्शन के दौरान सत्यम मिश्रा के अधिवक्ता भाई शिवेंद्र मिश्रा का एक व्यक्ति से विवाद और मारपीट हुई थी। उसी रंजिश को लेकर दबंगों ने सत्यम मिश्रा को निशाना बनाया।
नगर कोतवाली पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर 5 से 6 अज्ञात लोगों के खिलाफ जानलेवा हमले समेत गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। सीओ नगर योगेंद्र सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घायल का हालचाल जाना। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद से पत्रकारों में भारी आक्रोश है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *