नूर मैटरनिटी हॉस्पिटल में प्रसूता की मौत पर हंगामा, परिजनों ने रोका अंतिम संस्कार, कार्रवाई की मांग
1 min readगोंडा। तरबगंज थाना क्षेत्र के अन्तर्गत बेलसर कस्बे में संचालित नूर मैटरनिटी हॉस्पिटल में प्रसूता संगीता की मौत के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया और शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया है। परिजन अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ एफआईआर और लाइसेंस निरस्त करने की मांग पर अड़े हैं।
मामला तरबगंज थाना क्षेत्र के बेलसर कस्बे का है। परिजनों के अनुसार प्रसव पीड़ा होने पर संगीता को नूर मैटरनिटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि डॉक्टर ने सामान्य चेकअप की बात कहकर बिना सहमति के ऑपरेशन कर दिया और करीब चार घंटे तक परिजनों को प्रसूता से मिलने नहीं दिया। जब परिजनों को अंदर जाने दिया गया तो संगीता की हालत गंभीर थी, कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। मौत के बाद अस्पताल स्टाफ मौके से फरार हो गया।
जब तक कार्रवाई नहीं, अंतिम संस्कार नहीं
मृतका संगीता की मौत के बाद से परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार रोक दिया है। उनका साफ कहना है कि जब तक दोषी डॉक्टर और अस्पताल प्रबंधन पर सख्त कार्रवाई नहीं होगी, तब तक अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।
तीन दिन बाद भी एफआईआर नहीं
परिजनों ने तरबगंज थाने में तहरीर दी है, लेकिन आरोप है कि घटना के तीन दिन बीत जाने के बाद भी एफआईआर दर्ज नहीं हुई है। इससे परिजनों में भारी आक्रोश है।
पुलिस बोली- स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट का इंतजार
इस संबंध में जब तरबगंज थानाध्यक्ष श्रीधर पाठक से बात की गई तो उन्होंने बताया कि मामला स्वास्थ्य विभाग से जुड़ा है। जब तक स्वास्थ्य विभाग से रिपोर्ट और दिशा-निर्देश नहीं मिलते, तब तक पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर सकती। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
वहीं पीड़ित परिवार ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक गोंडा से हस्तक्षेप की मांग की है। परिजनों की मांग है कि अस्पताल का लाइसेंस रद्द किया जाए ताकि भविष्य में किसी और प्रसूता के साथ ऐसी घटना न हो।

