शराबी पिता के उत्पात से 6 साल की मासूम की मौत, गांव में सनसनी
1 min readशराबी पिता के उत्पात से 6 साल की मासूम की मौत, गांव में सनसनी
पत्नी-बच्चों व माता-पिता को पीट रहा था कलयुगी पिता, डायल 112 ने बचाने की कोशिश की, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
कर्नलगंज (गोंडा)। कोतवाली कर्नलगंज क्षेत्र के हटही गांव में गुरूवार की रात दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। शराब ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। शराब के नशे में धुत कलयुगी पिता के उत्पात में छह वर्षीय मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हटही गांव निवासी प्रमोद गौतम गुरुवार की रात शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उसने अपनी पत्नी, बूढ़े माता-पिता और मासूम बच्चों को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। पति के हमले से घबराई पत्नी किसी तरह जान बचाकर घर से बाहर भाग गई और ग्रामीणों को सूचना दी। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।
डायल 112 ने दिखाई मानवता-
सूचना पर पीआरवी 112 के कांस्टेबल मनीष कुमार, महिला कांस्टेबल नम्रता, शिवानी और चालक विनोद कुमार पांडेय मौके पर पहुंचे। घर के भीतर छह वर्षीय महक पुत्री प्रमोद गौतम लहूलुहान हालत में पड़ी मिली। पुलिसकर्मियों ने एंबुलेंस का इंतजार किए बिना मानवता का परिचय देते हुए घायल बच्ची को अपने सरकारी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करनैलगंज पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मासूम की मौत की खबर मिलते ही सीएचसी में परिजनों की चीख-पुकार मच गई। सूचना पर क्षेत्राधिकारी करनैलगंज व कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय सीएचसी पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि आरोपी पिता शराब के नशे में परिजनों से मारपीट कर रहा था। बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई की जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

