September 15, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

मिट्टी से आसमान तक अनिकेत ने भरी सफलता की उड़ान

1 min read
Spread the love

मिल्कीपुर की मिट्टी से आसमान तक अनिकेत ने भरी सफलता की उड़ान

ऑस्ट्रेलिया से कमर्शियल पायलट की ट्रेनिंग पूरी कर इंडिगो एयरलाइंस में बनाई जगह, क्षेत्र में खुशी का माहौल

मिल्कीपुर (अयोध्या)निज संवाददाता
अगर सपनों में उड़ान हो और इरादों में दृढ़ता हो तो गांव की पगडंडियों से शुरू हुआ सफर आसमान की ऊंचाइयों तक पहुंच सकता है। इसे सच कर दिखाया है मिल्कीपुर क्षेत्र के होनहार युवा अनिकेत शुक्ला ने। बुधई शुक्ला का पुरवा निवासी अनिकेत ने ऑस्ट्रेलिया से कमर्शियल एयरलाइंस पायलट की ट्रेनिंग सफलतापूर्वक पूरी करने के बाद देश की प्रतिष्ठित इंडिगो एयरलाइंस में पायलट के रूप में अपनी जगह बनाई है।
अनिकेत की इस उपलब्धि की जानकारी मिलते ही परिवार, रिश्तेदारों और क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है। ग्रामीण परिवेश से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रशिक्षण हासिल करने और देश की प्रमुख एयरलाइंस में पायलट बनने की उपलब्धि को क्षेत्र के लोग गर्व की बात बता रहे हैं।
अनिकेत शुक्ला मूल रूप से पूर्व तरौली के रहने वाले बताए जा रहे हैं। बचपन से ही मेहनत और लगन के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ते हुए उन्होंने पायलट बनने का सपना देखा। इसके लिए उन्होंने ऑस्ट्रेलिया जाकर कमर्शियल पायलट की ट्रेनिंग पूरी की। कठिन प्रशिक्षण और लगातार मेहनत के बाद उन्होंने सफलता हासिल की और अब इंडिगो एयरलाइंस में बतौर पायलट अपने करियर की नई शुरुआत की है।
अनिकेत की सफलता ने न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे मिल्कीपुर और अयोध्या क्षेत्र का मान बढ़ाया है। लोगों का कहना है कि उनकी उपलब्धि ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने साबित किया है कि संसाधनों और भौगोलिक सीमाओं से कहीं अधिक महत्वपूर्ण लक्ष्य के प्रति समर्पण, मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति होती है।
अनिकेत के पिता ग्रेटर नोएडा में प्रतिष्ठित पालकी फूड नामक फूड सप्लाई कंपनी का संचालन करते हैं। उन्होंने भी मेहनत के बल पर व्यापारिक क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई है। बेटे की सफलता से परिवार में उत्साह का माहौल है।
क्षेत्रवासियों ने अनिकेत शुक्ला की सफलता पर प्रसन्नता जताते हुए उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। ग्रामीण अंचल के एक युवा का आसमान की ऊंचाइयों तक पहुंचना क्षेत्र के लिए गौरव की बात माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *