हिंदी दिवस पर गायत्री पब्लिक स्कूल में विविध कार्यक्रम, विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
1 min read
रेवतीगंज, अयोध्या।
गायत्री पब्लिक स्कूल रेवतीगंज में विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति रुचि, सम्मान एवं गौरव की भावना विकसित करने तथा उन्हें अपनी भाषा और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के उद्देश्य से हिंदी दिवस के अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस दौरान निबंध लेखन, हिंदी गायन सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने रचनात्मकता और उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेकर हिंदी भाषा के प्रति अपने प्रेम और सम्मान को अभिव्यक्त किया।
विद्यालय के प्रबंधक उमा शंकर शुक्ल ने कहा कि हिंदी केवल एक भाषा नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपराओं और भावनाओं से जुड़ने का सशक्त माध्यम है। हिंदी के माध्यम से हम अपने सुख-दुःख को सहजता और सरलता से व्यक्त करते हैं। साथ ही यह राष्ट्रीय एकता और आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
प्रधानाचार्या शिखा दूबे ने कहा कि हिंदी का विकास हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और भारतीय पहचान को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। विद्यार्थियों में हिंदी के प्रति रुचि और सम्मान विकसित करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर आर.डी. पाण्डेय एवं किरन यादव ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की सहभागिता और प्रस्तुतियों ने सभी का उत्साह बढ़ाया।

