सावन के तीसरे सोमवार व नाग पंचमी पर बामदेवेश्वर मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब
1 min readसावन के तीसरे सोमवार व नाग पंचमी पर बामदेवेश्वर मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब
लगभग 25 हजार भक्तों ने किया भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक
योगी सरकार की विकास नीतियों से संवरा पौराणिक बामदेवेश्वर धाम
पहाड़ पर पक्की सीढ़ियाँ, पेयजल और भव्य ‘सूर्य दर्शन स्थल’ बने आकर्षण का केंद्र
बांदा:-सावन के तीसरे सोमवार और नाग पंचमी के महासंयोग पर सोमवार को बांदा के ऐतिहासिक और पौराणिक बामदेवेश्वर मंदिर में आस्था का भव्य नजारा देखने को मिला। तड़के सुबह से ही भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयकारों से पूरा बामदेवेश्वर पहाड़ गुंजायमान हो उठा। पूरे दिन में लगभग 25 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर शिवलिंग पर गंगाजल, दूध, बेलपत्र और धतूरा चढ़ाकर मन्नतें मांगीं। नाग पंचमी का विशेष पर्व होने के कारण कालसर्प दोष निवारण और नाग देवता की पूजा के लिए भी दूर-दराज से लोग पहुँचे।
योगी सरकार में चमका प्राचीन मंदिर, श्रद्धालुओं को मिलीं आधुनिक सुविधाएं
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश के प्राचीन और पौराणिक धार्मिक स्थलों को सजाने व संवारने का जो संकल्प लिया गया है। उसकी सीधी झलक बामदेवेश्वर पहाड़ पर दिखाई दे रही है। योगी सरकार ने श्रद्धालुओं की सुगमता के लिए मंदिर के ऊपर पहाड़ पर जाने के लिए पक्की और सुरक्षित सीढ़ियों का निर्माण कराया है। जिससे अब बुजुर्ग और बच्चे भी आसानी से बाबा के दर्शन कर पा रहे हैं। इसके साथ ही रास्ते में भक्तों के विश्राम के लिए मजबूत पक्के टीन शेड बनवाए गए हैं और भीषण गर्मी व उमस को देखते हुए शुद्ध पेयजल की उत्तम व्यवस्था की गई है।
‘सूर्य दर्शन स्थल’ है पर्यटकों का मुख्य केंद्र
योगी सरकार के विशेष प्रयासों से बामदेवेश्वर पहाड़ पर ‘सूर्य दर्शन स्थल’ (सनसेट/सनराइज पॉइंट) को बेहद खूबसूरती से विकसित किया गया है। यहां से पूरे बांदा शहर का विहंगम नजारा दिखाई देता है। रात के समय पहाड़ में भरपूर रोशनी रहे इसके लिए आधुनिक स्ट्रीट लाइट्स और ऊंची हाई मास्ट लाइटें लगवाई गई हैं। भक्तों का कहना है कि योगी सरकार ने इस प्राचीन स्थल को न केवल धार्मिक रूप से सुदृढ़ किया है बल्कि इसे एक बेहतरीन आध्यात्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में भी स्थापित कर दिया है।
सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम, पल-पल पर नजर
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। मंदिर परिसर से लेकर पहाड़ के रास्तों तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। महिला व पुरुष पुलिसकर्मियों की भारी तैनाती के साथ-साथ भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग की गई थी। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने खुद मौके पर रहकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया जिससे हजारों भक्तों ने बिना किसी असुविधा के शांतिपूर्वक और सुगम दर्शन किए।

