ग्रामीणों ने खोली विकास की पोल, ग्राम प्रधान की अनदेखी से गड्ढों में तब्दील सड़क पर श्रमदान
1 min readधनपतगंज सुलतानपुर

धनपतगंज विकासखंड क्षेत्र की ग्रामसभा खारा पूरे लौटन पांडेय का पुरवा में ग्राम पंचायत के विकास कार्यों की जमीनी हकीकत उस समय सामने आ गई
जब गड्ढों से जर्जर सड़क की मरम्मत के लिए ग्रामीणों को स्वयं श्रमदान करना पड़ा।
स्वतंत्रता दिवस के बाद ग्रामीणों का आरोप है कि लंबे समय से सड़क बदहाल है, लेकिन ग्राम प्रधान और संबंधित जिम्मेदारों ने इसकी सुध नहीं ली।
सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हैं, बारिश के दिनों में इनमें पानी भर जाने से स्थिति और गंभीर हो जाती है, राहगीरों, बुजुर्गों, महिलाओं और स्कूली बच्चों को आवागमन में भारी परेशानी उठानी पड़ती है?
दोपहिया वाहन चालकों के गिरने और चोटिल होने का खतरा लगातार बना रहता है।
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार समस्या जिम्मेदारों के संज्ञान में लाई गई, लेकिन कार्रवाई के नाम पर केवल आश्वासन ही मिला।
जब प्रशासन और ग्राम पंचायत की ओर से सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई, तो ग्रामीणों ने खुद मोर्चा संभाल लिया।
भाजपा बूथ अध्यक्ष अशोक कुमार पांडेय के साथ ग्रामीणों ने सड़क के गड्ढों में मिट्टी और अन्य सामग्री डालकर श्रमदान किया।
इस दौरान अनिल पांडेय, जनार्दन महराज, अरुण पांडेय, नीरज पांडेय एडवोकेट, रोशन पांडेय, शिवा पांडेय, राकेश पांडेय, सियाराम सहित कई ग्रामीणों ने मिलकर सड़क को चलने लायक बनाने का प्रयास किया।
ग्रामीणों के इस कदम ने ग्राम पंचायत के विकास कार्यों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब सड़क की हालत पहले से खराब थी, तो ग्राम प्रधान ने समय रहते इसकी मरम्मत क्यों नहीं कराई?
क्या सड़क की बदहाली जिम्मेदारों को दिखाई नहीं दे रही थी, या फिर ग्रामीणों की समस्या को जानबूझकर नजरअंदाज किया गया?
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी और विकास विभाग के अधिकारियों से मामले का तत्काल संज्ञान लेकर सड़क का स्थायी निर्माण कराने की मांग की है।
अब देखना यह है कि जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचकर जांच करते हैं या ग्रामीणों का श्रमदान ही सरकारी व्यवस्था की असली तस्वीर बना रहेगा।
ब्यूरो रिपोर्ट।
