August 17, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रितों एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिको , छात्र,छात्राओं को किया गया सम्मानित।

1 min read
Spread the love

मा0 राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) द्वारा किया गया ध्वजारोहण, स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रितों एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिको , छात्र,छात्राओं को किया गया सम्मानित।

जनपद में हर्षोल्लास के साथ 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह का हुआ भव्य आयोजन।

 सुलतानपुर,
स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर पं0 राम नरेश त्रिपाठी सभागार परिसर में स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि मा0 राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उद्यान एवं कृषि विदेश व्यापार तथा कृषि निर्यात, उ0प्र0 श्री दिनेश प्रताप सिंह जी रहे। मा0 मंत्री जी द्वारा सभागार परिसर में स्थापित महान विभूतियों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किया गया। इसके उपरान्त राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ का सामूहिक गायन तथा मा0 मंत्री जी द्वारा ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान का गायन किया गया। सभागार में कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि मा0 राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उद्यान एवं कृषि विदेश व्यापार तथा कृषि निर्यात, उ0प्र0 श्री दिनेश प्रताप सिंह, मा0 भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील कुमार त्रिपाठी, अपना दल जिलाध्यक्ष राकेश वर्मा,सुभासपा जिलाध्यक्ष सतीश मिश्रा, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद प्रवीन कुमार अग्रवाल, जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रत्नप्रिया एवं अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) राकेश सिंह सहित आदि द्वारा मां सरस्वती के प्रतिमा पर पुष्पार्चन एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
     इस अवसर पर जिलाधिकारी महोदय द्वारा मा0 मंत्री जी, मा0 भाजपा जिलाध्यक्ष सहित उपस्थित अन्य जनप्रतिनिधियों का बैच अलंकरण एवं पौध भेंटकर स्वागत किया गया। तत्पश्चात कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय दूबेपुर, केशकुमारी राजकीय बालिका इण्टर कॉलेज सुलतानपुर की छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की मनमोहक प्रस्तुति की गई।
   तत्पश्चात मा0 मंत्री जी द्वारा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों को माला पहनाकर एवं अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया। वन विभाग द्वारा पर्यावरण एवं नदियों के संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रदेश अध्यक्ष गोमती मित्र मंडल रूद्र प्रताप सिंह, डॉ0 सुधाकर सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष कटका क्लब सौरभ मिश्रा तथा सामाजिक संस्था जिला गंगा समिति के जिला परियोजना अधिकारी अभिनन्दन प्रताप सिंह को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
   उद्यान विभाग की ओर से कृषक श्रीराम जग को स्माल स्केल मशरूम यूनिट तथा राकेश यादव को थाईवान अमरूद, ड्रैगन फ्रूट, एप्पल बेर एवं थाईवान अमरूद के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। 
     इसी क्रम में बेसिक शिक्षा अधिकारी उपेन्द्र गुप्ता की उपस्थिति में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित निबंध प्रतियोगिता में किंजल, राशि पाल एवं अनुराग; पोस्टर/चित्रकला प्रतियोगिता में राधिका, सुशांत पाण्डेय एवं स्वाप्निल दूबे तथा रंगोली प्रतियोगिता में आर्याशी, राधा एवं आकांक्षा यादव को प्रथम, द्वितीय,तृतीय स्थान प्राप्त करने पर मा. मंत्री जी द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। माध्यमिक शिक्षा विभाग की कला प्रतियोगिता में कविता निषाद, गीत में दृष्टि, निबंध में माण्डवी तिवारी, भाषण में शुभी मिश्रा, वादन में दृष्टि, क्विज में आरवी पाण्डेय तथा रंगोली में सलोनी कुमारी को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
   मा0 राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) द्वारा अपने संबोधन में सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, गणमान्य नागरिकों, छात्र-छात्राओं एवं जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि देश की आजादी सामान्य विषय नहीं थी। सदियों की गुलामी के बाद देश को स्वतंत्रता मिली और इसके लिए लाखों स्वतंत्रता सेनानियों ने अपना त्याग, तपस्या एवं सर्वाेच्च बलिदान दिया। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं उनके परिजनों को नमन करते हुए कहा कि कृतज्ञ राष्ट्र सदैव उनके बलिदान को स्मरण करता रहेगा। उन्होंने देश के यशस्वी प्रधानमंत्री एवं उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री के प्रति भी आभार व्यक्त किया।
   उन्होंने कहा कि आज का स्वतंत्रता दिवस विशेष रूप से ऐतिहासिक है। ‘वंदे मातरम’ के पूर्ण गायन, ‘हर घर तिरंगा’ अभियान तथा स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति कृतज्ञता का भाव पूरे देश में नई ऊर्जा के साथ दिखाई दे रहा है। उन्होंने विभाजन विभीषिका दिवस का उल्लेख करते हुए कहा कि 14 अगस्त 1947 का दर्द और विस्थापन हमें राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के महत्व का संदेश देता है। मा0 मंत्री ने युवाओं का आह्वान किया कि वे स्वतंत्रता के मूल्यों, भारतीय संस्कार-संस्कृति एवं राष्ट्रभक्ति को आत्मसात करते हुए भारत को विकसित, समृद्ध एवं संस्कार-संपन्न राष्ट्र बनाने में अपना योगदान दें।
   मा0 भाजपा जिलाध्यक्ष द्वारा अपने सम्बोधन में सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की वास्तविक स्वतंत्रता तभी सार्थक है, जब भारत आत्मनिर्भर एवं सशक्त बने। उन्होंने स्वदेशी अपनाने, देश में निर्मित वस्तुओं के उपयोग तथा आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे शिक्षा प्राप्त कर डॉक्टर, इंजीनियर, वैज्ञानिक अथवा किसी भी क्षेत्र में जाएं, लेकिन राष्ट्र निर्माण एवं देश को मजबूत बनाने में अपना योगदान अवश्य दें। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस समारोह के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन एवं जनपदवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
    कार्यक्रम के अन्त में जिलाधिकारी महोदय द्वारा मा0 मंत्री, मा0 भाजपा जिलाध्यक्ष, अपना दल जिलाध्यक्ष, सुभासपा जिलाध्यक्ष, नगर पालिका अध्यक्ष सहित सभी जनप्रतिनिधियों, स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों, समाजसेवियों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं गणमान्य नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से मा0 मंत्री जी का धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्होंने अपना बहुमूल्य समय देकर कार्यक्रम में प्रतिभाग किया तथा सहज एवं प्रभावी ढंग से बच्चों को प्रेरित और उत्साहित किया। उन्होंने कहा कि मंत्री जी का सुलतानपुर जनपद के प्रति विशेष लगाव रहा है तथा उनके मार्गदर्शन से जनपद में विकास कार्यों को गति मिल रही है। पूर्व में सड़कों के निर्माण से संबंधित अनुरोध पर मंत्री जी द्वारा तत्काल स्वीकृति प्रदान किए जाने तथा मंडी एवं कृषि विपणन से संबंधित प्रस्तावों पर भी शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के लिए उन्होंने आभार व्यक्त किया।
    जिलाधिकारी महोदय ने कहा कि मा0 मंत्री जी की समयबद्धता, कार्य के प्रति समर्पण एवं सक्रियता से सभी को सीख लेने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि शासन द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल के अतिरिक्त विगत 10-15 दिनों से स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर कार्यक्रम, लंबी यात्रा एवं कैंडल मार्च सहित अनेक आयोजन शामिल रहे। स्वतंत्रता दिवस पर भी जनपद के सभी विभागों में निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार कार्यक्रम आयोजित किए गए तथा जिला प्रशासन, विभागीय अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं अन्य सभी संबंधित लोगों के समन्वित प्रयास से तहसील एवं ब्लॉक स्तर तक स्वतंत्रता दिवस पर्व को पूरे उत्साह एवं गरिमापूर्ण ढंग से मनाया गया।
     जिलाधिकारी महोदय ने कहा कि जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं जनसामान्य के सहयोग से भविष्य में भी ऐसे राष्ट्रीय पर्वों के आयोजनों को और अधिक भव्य, गरिमापूर्ण एवं जनभागीदारीपूर्ण बनाने के लिए प्राप्त सुझावों पर प्रभावी रूप से कार्य किया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मा0 राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) द्वारा जिला चिकित्सालय सुलतानपुर पहुंचकर अस्पताल में भर्ती मरीजों को फल वितरित किए गए तथा उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *