August 15, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमाओं पर किया माल्यार्पण, कलेक्ट्रेट में ध्वजारोहण कर दिलाया जनसेवा का संदेश।

1 min read
Spread the love

स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर जिलाधिकारी महोदय द्वारा स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमाओं पर किया माल्यार्पण, कलेक्ट्रेट में ध्वजारोहण कर दिलाया जनसेवा का संदेश।

सुलतानपुर
स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर जनपद में राष्ट्रभक्ति, उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने नगर स्थित महान विभूतियों डॉ0 राम मनोहर लोहिया एवं अमर शहीद चन्द्रशेखर आजाद की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। इसके उपरान्त कलेक्ट्रेट परिसर में प्रातः 8ः00 बजे राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ के गायन के साथ ध्वजारोहण किया गया तथा उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा भावपूर्ण वातावरण में राष्ट्रगान किया गया।
    ध्वजारोहण के उपरान्त जिलाधिकारी द्वारा कलेक्ट्रेट सभागार में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत रत्न डॉ0 भीमराव रामजी अम्बेडकर के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित एवं माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके पश्चात आयोजित गोष्ठी में जिलाधिकारी ने जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
   जिलाधिकारी महोदय ने स्वतंत्रता संग्राम में जनपद सुलतानपुर के गौरवशाली योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि राष्ट्रीय पर्व हमें अमर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान की याद दिलाते हैं। स्वतंत्रता दिवस आत्मचिंतन करने तथा महान देशभक्तों के सपनों एवं लक्ष्यों को साकार करने के लिए अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत करने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर सपूतों को नमन करते हुए कहा कि राष्ट्र उनके त्याग और बलिदान को सदैव स्मरण करता रहेगा।
    जिलाधिकारी महोदय ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशासन का मूल उद्देश्य सेवा भाव से नागरिकों के लिए रात-दिन कार्य करना तथा प्रत्येक कार्य को पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता एवं सत्यनिष्ठा के साथ संपादित करना होना चाहिए। स्वतंत्रता दिवस हमें महान बलिदानों से प्रेरणा लेते हुए राष्ट्र एवं समाज के प्रति अपने दायित्वों को पूरी निष्ठा से निभाने का संकल्प लेने का अवसर प्रदान करता है।
    उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कोई भी नागरिक अपनी समस्या लेकर कार्यालय आए तो उसका सम्मानपूर्वक स्वागत किया जाए। उसे बैठने के लिए स्थान उपलब्ध कराया जाए तथा आवश्यकता के अनुसार पानी एवं चाय की सुविधा भी दी जाए। इसके पश्चात उसकी समस्या को पूरी संवेदनशीलता एवं गंभीरता से सुनकर उसके प्रभावी समाधान का प्रयास किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी समस्या के समाधान के लिए यदि अधीनस्थ स्तर पर अधिकारी अथवा कर्मचारी से समन्वय आवश्यक हो तो तत्काल दूरभाष के माध्यम से संबंधित अधिकारी को अवगत कराते हुए समस्या का समाधान सुनिश्चित कराया जाए।
     जिलाधिकारी महोदय ने बच्चों एवं युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि वे अपनी पढ़ाई पूरी गंभीरता एवं लगन के साथ करें तथा आधुनिक तकनीक का संतुलित एवं सकारात्मक उपयोग करें। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ खेलकूद भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी से अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा नियमित रूप से दौड़, व्यायाम एवं योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
     उन्होंने कहा कि सुलतानपुर क्रांतिकारियों एवं स्वतंत्रता सेनानियों की गौरवशाली धरती है। इस पावन धरती की मिट्टी में राष्ट्रसेवा की प्रेरणा एवं ऊर्जा विद्यमान है। जिला प्रशासन की टीम, एडीएम, एसडीएम, तहसीलदार एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी पूरी प्रतिबद्धता के साथ रात-दिन कार्य कर रहे हैं, लेकिन नागरिकों को और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर सुधार की आवश्यकता है।
    उन्होंने अधिकारियों का आह्वान किया कि शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करते हुए जनपद को प्रदेश के 75 जनपदों में उत्कृष्ट स्थान दिलाने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि नागरिकों को अधिकतम सहूलियत उपलब्ध कराने तथा न्यायिक एवं विकास कार्यों में बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने के लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी निष्ठा, समर्पण एवं टीम भावना के साथ कार्य करें।
     इसी क्रम में विकास भवन परिसर में प्रातः 8रू00 बजे मुख्य विकास अधिकारी श्री विनय कुमार सिंह द्वारा ध्वजारोहण किया गया। ध्वजारोहण से पूर्व राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया गया। इसके उपरान्त उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा भावपूर्ण एवं राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत वातावरण में राष्ट्रगान किया गया।
    इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ने स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानियों एवं शहीदों को नमन करते हुए कहा कि देश की स्वतंत्रता असंख्य वीरों के त्याग, तपस्या एवं सर्वाेच्च बलिदान का परिणाम है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों एवं जिम्मेदारियों के निर्वहन का संकल्प लेने की प्रेरणा देता है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से जनहित एवं जनसेवा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए अपने दायित्वों का पूरी ईमानदारी, निष्ठा एवं कर्तव्यपरायणता के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।
  स्वतंत्रता दिवस का आयोजन जनपद की सभी तहसीलों, विकासखंडों, शिक्षण संस्थाओं एवं विभिन्न सरकारी कार्यालयों में भी हर्षाेल्लास एवं गरिमापूर्ण वातावरण में किया गया। विभिन्न स्थानों पर ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, सांस्कृतिक कार्यक्रम, देशभक्ति से जुड़े आयोजन एवं अन्य कार्यक्रम आयोजित कर स्वतंत्रता दिवस को उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों में राष्ट्रप्रेम, कर्तव्यबोध, जनसेवा एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को और अधिक मजबूत करने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी(प्रशासन), अपर जिलाधिकारी(वि0/रा0), मुख्य राजस्व अधिकारी, समाज सेवी व कलेक्ट्रेट स्टाफ उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *