DISCOM ने 70 चोरियां पकड़ीं, 25 लाख का जुर्माना; AC चलाने वालों पर भी नजर,
1 min readरात के अंधेरे में बिजली चोरी करने वालों की खैर नहीं:
DISCOM ने 70 चोरियां पकड़ीं, 25 लाख का जुर्माना; AC चलाने वालों पर भी नजर,
व
धौलपुर,
धौलपुर जिले में बिजली चोरी के खिलाफ जयपुर डिस्कॉम ने अब दिन के साथ-साथ रात्रिकालीन जांच अभियान भी तेज कर दिया है। अवैध जम्पर से बिजली चोरी करने वालों के साथ अब मीटर तकनीक और लोड सर्वे के जरिए कम खपत दिखाकर अधिक बिजली इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ता भी डिस्कॉम की रडार पर हैं। अभियान के दौरान 15 अभियंताओं की टीमों ने 70 बिजली चोरी के मामले पकड़े हैं और करीब 25 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।
डिस्कॉम अधिकारियों के अनुसार रात के समय विद्युत तंत्र से छेड़छाड़ और अवैध कनेक्शन के कारण फीडरों पर ट्रिपिंग की समस्या बढ़ती है। इसका सीधा असर उन उपभोक्ताओं पर पड़ता है जो नियमित रूप से बिजली बिल का भुगतान करते हैं। इसी को देखते हुए डिस्कॉम ने रात्रि में भी चोरी पकड़ने की कार्रवाई शुरू की है।
ट्रांसफॉर्मर के मीटर से खुल रहा चोरी का राज,
डिस्कॉम प्रत्येक ट्रांसफॉर्मर पर मीटर लगाने की दिशा में काम कर रहा है। इससे ट्रांसफॉर्मर से सप्लाई होने वाली बिजली और उपभोक्ताओं की दर्ज खपत का मिलान कर उस क्षेत्र में बिजली चोरी की स्थिति का पता लगाया जा रहा है। इसके साथ ही उपभोक्ताओं की खपत और स्वीकृत लोड का तकनीकी विश्लेषण कर संदिग्ध मामलों को चिन्हित किया जा रहा है।
कम खपत वाले उपभोक्ता विशेष निगरानी में,
धौलपुर SE विवेक शर्मा के अनुसार मीटर से प्राप्त आंकड़ों और लोड सर्वे के आधार पर ऐसे उपभोक्ताओं की सूची तैयार की गई है, जिनकी मासिक खपत उनके स्वीकृत लोड की तुलना में असामान्य रूप से कम है। इन उपभोक्ताओं की टीमों द्वारा जांच की जा रही है। जांच के दौरान ऐसे मामले भी सामने आए हैं, जहां कम बिजली खपत दर्ज होने के बावजूद घरों में एसी जैसे अधिक बिजली खपत वाले उपकरण इस्तेमाल किए जा रहे थे।
वास्तविक लोड के अनुसार बढ़वाएं स्वीकृत भार,
SE विवेक शर्मा ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपने वास्तविक विद्युत भार के अनुसार स्वीकृत लोड बढ़वाएं, ताकि विद्युत तंत्र को वास्तविक मांग के अनुरूप मजबूत किया जा सके। उन्होंने बिजली चोरी से दूर रहने की भी अपील करते हुए कहा कि चोरी पकड़े जाने पर उपभोक्ता को भारी जुर्माना भरना पड़ सकता है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित जुर्माना राशि जमा नहीं कराने पर संबंधित के खिलाफ बिजली थाने में मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। डिस्कॉम की इस कार्रवाई के बाद रात के समय अवैध तरीके से बिजली इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ताओं में हड़कंप की स्थिति है।
विजय कुमार शर्मा ब्यूरो

