जमीन विवाद और मानसिक तनाव में पिता-पुत्र ने कुएं में लगाई थी छलांग
1 min readधौलपुर, राजस्थान
जमीन विवाद और मानसिक तनाव में पिता-पुत्र ने कुएं में लगाई थी छलांगः कलेक्टर-एसपी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण, दूसरे बेटे से ली जानकारी,
धौलपुर,
धौलपुर में दीपावली की रात कुएं में कूदने से पिता सुरेश उर्फ पप्पू और उनके बेटे इंद्रेश की मौत के मामले में जिला प्रशासन और पुलिस ने जांच तेज कर दी है। गुरुवार को जिला कलेक्टर श्रीनिधि बीटी, पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली।
इस दौरान अधिकारियों ने मृतक के दूसरे बेटे से बातचीत कर घटना की परिस्थितियों के बारे में जानकारी जुटाई। प्रारंभिक जानकारी में जमीन विवाद और मानसिक तनाव को घटना का प्रमुख कारण बताया गया है। बताया गया कि सुरेश का गंगाबाई बगीची मंदिर ट्रस्ट से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इस मामले में वह ट्रस्ट के खिलाफ मुकदमा हार चुके थे। इसके बाद से वह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में बताए जा रहे थे।गौरतलब है कि दीपावली की रात सुरेश और उनके बेटे इंद्रेश ने कुएं में छलांग लगा दी थी। घटना के दौरान सुरेश की पत्नी सरोज ने भी कुएं में कूदकर जान देने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया था। वहीं, कुएं में डूबने से पिता-पुत्र की मौत हो गई थी।घटनास्थल का जायजा लेने के बाद अधिकारियों ने कोतवाली थाना प्रभारी रामकिशन यादव को मामले की गहनता से जांच करने और सभी पहलुओं की पड़ताल करने के निर्देश दिए। पुलिस और प्रशासन जमीन विवाद सहित घटना के अन्य कारणों की जांच कर रहे हैं। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

