महिला सुरक्षा संकल्प कार्यक्रम में छात्राओं को आत्मरक्षा और साइबर सुरक्षा की जानकारी,
1 min readधौलपुर, राजस्थान
राजस्थान पुलिस के महिला सुरक्षा संकल्प कार्यक्रम के तहत सोमवार को न्यू एरा पब्लिक स्कूल, रीको एरिया धौलपुर में महिला सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा एवं आरपीएस मिताली गर्ग ने दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में महिला पुलिसकर्मियों ने छात्राओं को आत्मरक्षा की विभिन्न तकनीकों का प्रशिक्षण दिया। पुलिस अधिकारियों ने महिला सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं, महिला बीट व्यवस्था, राजकॉप ऐप और महिला हेल्पलाइन 1090 की जानकारी दी। वहीं साइबर अपराध से बचाव के लिए हेल्पलाइन 1930, OTP एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने तथा साइबर ठगी होने पर तत्काल शिकायत दर्ज कराने के लिए जागरूक किया गया।
इस दौरान महिला एवं बालिका सुरक्षा से जुड़े कानूनों, POCSO एक्ट, SHE-BOX, POCSO e-Box सहित विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी भी दी गई। मिताली गर्ग ने महिलाओं एवं बालिकाओं से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और किसी भी तरह की असुरक्षा या उत्पीड़न की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की।
कार्यक्रम के बाद महिला पुलिसकर्मियों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जागरूकता रैली निकाली। रैली गुलाब बाग, लाल बाजार, सराय रोड, जगन तिराहा, हरदेव नगर और घंटाघर होते हुए वापस पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची। रैली के माध्यम से महिला एवं बालिका सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव और महिलाओं के सम्मान का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में पुलिसकर्मी, विद्यालय प्रबंधन एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
विजय कुमार शर्मा ब्यूरो


