मामूली बारिश भी नहीं झेल पाया सवा दो करोड़ का तालाब सौंदर्यकरण, निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल,
1 min readधौलपुर ,राजस्थान
राजाखेड़ा,
राजाखेड़ा नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड संख्या 12 स्थित मछला की पार तालाब के करीब सवा दो करोड़ रुपये की लागत से कराए जा रहे सौंदर्यकरण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। कार्य पूरा होने से पहले ही मामूली बारिश में तालाब किनारे का हिस्सा ध्वस्त हो गया, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी है और निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि निर्माण कार्य शुरू होने के बाद से ही अनियमितताओं और घटिया निर्माण सामग्री के उपयोग की शिकायतें लगातार नगर पालिका प्रशासन से की जा रही थीं, लेकिन अधिकारियों ने समय रहते कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की। अब पहली ही बारिश में निर्माण क्षतिग्रस्त होने से लोगों के आरोपों को बल मिला है।
बताया जा रहा है कि मछला की पार तालाब का सौंदर्यकरण अमृत सरोवर योजना के तहत पार्क एवं पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से कराया जा रहा है। लेकिन निर्माण पूरा होने से पहले ही दीवार और किनारों के क्षतिग्रस्त होने से करोड़ों रुपये की इस परियोजना की गुणवत्ता और खर्च की पारदर्शिता पर प्रश्नचिह्न लग गए हैं।
इस मामले में नगर पालिका राजाखेड़ा की अधिशासी अधिकारी एवं तहसीलदार दीप्ति देव ने बताया कि सौंदर्यकरण कार्य में अनियमितताओं की शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत की जांच वह स्वयं करेंगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
विजय कुमार शर्मा ब्यूरो

