सात दिन से लापता तीन वर्षीय मासूम का झाड़ियों में मिला शव, गांव में मचा हड़कंप
1 min read
मिल्कीपुर अयोध्या।
इनायतनगर थाना क्षेत्र के सहुलारा गांव में गुरुवार देर शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब सात दिन से लापता तीन वर्षीय मासूम सुधांशू उर्फ कल्लू का सड़ा-गला शव घर से कुछ दूरी पर झाड़ियों में बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
परिजनों ने बच्चे की हत्या कर शव छिपाए जाने की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि गांव की एक लड़की बच्चे को बुलाकर अपने साथ ले गई थी। परिजनों ने तंत्र-मंत्र के लिए हत्या किए जाने की आशंका भी व्यक्त की है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की जानकारी मिलने पर कांग्रेस नेता संजय तिवारी और सपा सांसद अवधेश प्रसाद भी थाने पहुंचे। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

