पुलिस ने मोटरसाइकिल चोर गिरोह का किया भंडाफोड़, चार आरोपी गिरफ्तार
1 min read
अयोध्या।
इनायतनगर पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की आठ मोटरसाइकिलें, दो खुली हुई चेसिस और एक स्कूटी बरामद की है। यह कार्रवाई पूरे पाठक का पुरवा, भागीपुर स्थित ब्रह्म बाबा स्थान के पास वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह के नेतृत्व में की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनीस कुमार उर्फ राजू, गंगा राम, अजय पांडेय और विजेंद्र कुमार पांडेय उर्फ अतुल के रूप में हुई है। बरामद वाहनों में हीरो स्प्लेंडर, सुपर स्प्लेंडर, एचएफ डीलक्स, पैशन प्रो सहित विभिन्न मॉडल की मोटरसाइकिलें और एक स्कूटी शामिल हैं।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे चोरी की मोटरसाइकिलों को अलग-अलग स्थानों से चुराकर उनके पार्ट्स अलग कर बेचते थे। इस अवैध कारोबार से वे लंबे समय से आर्थिक लाभ कमा रहे थे। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और चोरी के नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में अजय पांडेय, गंगा राम और विजेंद्र कुमार पांडेय उर्फ अतुल के खिलाफ पहले से चोरी, लूट, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। बरामद वाहनों के वास्तविक स्वामियों की पहचान कर उन्हें वाहन सौंपने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।


