भगवान विश्वकर्मा का जयघोष, निकली शोभा यात्रा उमड़ा जनसैलाब
1 min readअतर्रा में गूंजा भगवान विश्वकर्मा का जयघोष, शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब
21 कन्याओं की कलश यात्रा बनी आकर्षण का केंद्र, हजारों श्रद्धालुओं ने लिया हिस्सा
अतर्रा बांदा
भगवान विश्वकर्मा जयंती पर बुधवार को अतर्रा नगर भक्ति, आस्था और सामाजिक एकजुटता के रंग में सराबोर नजर आया। संपूर्ण विश्वकर्मा समाज के आह्वान पर निकली भव्य शोभायात्रा में हजारों की संख्या में समाज के लोगों के साथ अन्य वर्गों के लोगों ने भी बढ़-चढ़कर सहभागिता की। शोभायात्रा के दौरान भगवान विश्वकर्मा के जयकारों से नगर का वातावरण भक्तिमय हो गया।
शोभायात्रा का शुभारंभ रामलीला मैदान से विधिवत पूजा-अर्चना और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. पवन विश्वकर्मा, प्रमुख विशिष्ट अतिथि अतर्रा डिग्री कॉलेज के प्राचार्य डॉ. पीके विश्वकर्मा तथा विशिष्ट अतिथि हिंदू इंटर कॉलेज के प्रवक्ता बाबूलाल विश्वकर्मा ने भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद श्रद्धालुओं का कारवां नगर भ्रमण के लिए रवाना हुआ।
कलश यात्रा ने खींचा लोगों का ध्यान
शोभायात्रा में शामिल 21 कन्याओं की कलश यात्रा आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। सिर पर कलश धारण किए कन्याओं के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं भी यात्रा में शामिल रहीं। धार्मिक उत्साह और पारंपरिक उल्लास के बीच निकली कलश यात्रा को देखने के लिए रास्ते में लोगों की भीड़ जुटती रही।
रामलीला मैदान से शुरू हुई शोभायात्रा गौरा बाबा धाम, बदौसा रोड, स्टेशन रोड और बांदा रोड होते हुए राधिका मैरिज हॉल पहुंची। मार्ग में जगह-जगह समाज के लोगों ने श्रद्धालुओं के लिए जलपान की व्यवस्था की और शोभायात्रा का स्वागत किया।
एकजुटता की दिखी मजबूत तस्वीर
शोभायात्रा ने भगवान विश्वकर्मा के प्रति आस्था के साथ समाज की एकता और संगठन का भी संदेश दिया। आयोजन में विश्वकर्मा ब्रिगेड जिलाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार विश्वकर्मा, विधानसभा अध्यक्ष जयराम विश्वकर्मा और शोभायात्रा अध्यक्ष हरिओम विश्वकर्मा की प्रमुख भूमिका रही।
कार्यक्रम में संरक्षक एवं पूर्व अध्यक्ष राम अवतार विश्वकर्मा, रामसखा, तहसील अध्यक्ष राममिलन विश्वकर्मा, नगर अध्यक्ष पवन विश्वकर्मा, अयोध्या प्रसाद विश्वकर्मा, शिवभजन विश्वकर्मा, लाला भैया फौजी, आनंद, विजय करण, अनिल, अंकित, रामशरण, मनोज, रामसेवक, मूलचंद, शिवकुमार, बृजेश, मुकेश, जिला पंचायत सदस्य राजाराम, रामशिरोमणि, सुशील, सौरभ, जगरूप, लखन, राकेश कुमार शर्मा, महेंद्र विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
जयघोष, भक्ति और जनसहभागिता के बीच संपन्न हुई शोभायात्रा ने अतर्रा में भगवान विश्वकर्मा के प्रति आस्था और समाज की एकजुटता की भव्य तस्वीर पेश की।

