मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं को किया गया जागरूक
1 min readबीकापुर, अयोध्या।
महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शासन के निर्देश पर चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत गुरुवार को बीकापुर कोतवाली की मिशन शक्ति टीम ने कस्बा बीकापुर में जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के दौरान बैंक ऑफ बड़ौदा के पास, कनक मलेथू मोड़, डाकघर सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं और छात्राओं को जागरूक किया गया। महिला उपनिरीक्षक निशी सिंह के नेतृत्व में महिला पुलिसकर्मियों की टीम ने महिलाओं को नारी सुरक्षा, सम्मान, आत्मनिर्भरता, आत्मरक्षा तथा उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसी भी विपरीत परिस्थिति में घबराने के बजाय साहस और आत्मविश्वास के साथ सामना करना चाहिए। महिलाओं की सुरक्षा के लिए सरकार द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग कर तत्काल सहायता प्राप्त की जा सकती है। अभियान के दौरान मिशन शक्ति से संबंधित पंपलेट वितरित किए गए तथा महिलाओं को साइबर अपराधों से बचाव और ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने के बारे में भी जागरूक किया गया।

