September 19, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

सावन के प्रथम सोमवार पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, गूंजे ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे,

1 min read
Spread the love

धौलपुर, राजस्थान
सावन के पहले सोमवार पर धौलपुर जिले के प्रमुख शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। मंगला आरती के साथ शुरू हुए जलाभिषेक और पूजा-अर्चना का सिलसिला पूरे दिन चलता रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव को गंगाजल, दूध, शहद, बेलपत्र और धतूरा अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
जिले के सैंपऊ स्थित ऐतिहासिक महादेव मंदिर, धौलपुर के चोपड़ा महादेव मंदिर, बसेड़ी के भूतेश्वर महादेव मंदिर, कमलेश्वर महादेव, पाताल देवी महादेव, धौलपुर श्री अचलेश्वर महादेव सहित अन्य शिवालयों में दर्शन के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। मंदिर परिसर दिनभर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से गूंजते रहे।
धौलपुर श्री अचलेश्वर महादेव मंदिर के महंत मनोज दास जी महाराज ने बताया कि श्री शिवलिंग जो है वह दिन में तीन बार अपना रंग बदलते हैं, और जो भी श्रद्धालु इनके दर्शन करने आते हैं उनकी सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं, और इस बार पहले सावन के सोमवार पर राजस्थान के अलावा उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और हरियाणा से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। हरिद्वार और सोरों से कांवड़ लेकर आए भक्तों ने गंगाजल से भगवान शिव का अभिषेक किया, वहीं कई श्रद्धालुओं ने सहस्त्रधारा अर्पित कर मनोकामनाएं मांगी।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिरों में दर्शन की अलग-अलग कतारों की व्यवस्था की गई थी। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रमुख शिवालयों पर पुलिस बल भी तैनात रहा। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए भंडारों का आयोजन किया गया, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसादी ग्रहण की। सावन के पहले सोमवार पर पूरे जिले में भक्ति और आस्था का वातावरण देखने को मिला।

विजय कुमार शर्मा ब्यूरो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *