जगन गुर्जर हत्याकांड में बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम, गृह राज्यमंत्री से 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल की लंबी वार्ता
1 min readजगन गुर्जर हत्याकांड में बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम: गृह राज्यमंत्री से 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल की लंबी वार्ता, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और न्याय का मिला भरोसा,
पूर्व विधायक जोगिंदर सिंह अवाना की पहल पर हुई अहम मुलाकात, पीड़ित परिवार ने जांच और कार्रवाई से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे रखे; गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम ने निष्पक्ष जांच का दिया आश्वासन।
धौलपुर, राजस्थान
जगन गुर्जर हत्याकांड को लेकर अब राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर हलचल तेज हो गई है। मामले में पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग के बीच राष्ट्रीय लोकदल राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक जोगिंदर सिंह अवाना की पहल पर सोमवार को करौली सर्किट हाउस में राजस्थान सरकार के गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम से पीड़ित पक्ष के 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल की महत्वपूर्ण मुलाकात हुई। इस बैठक को हत्याकांड की जांच और आगामी कार्रवाई की दिशा में अहम माना जा रहा है।
प्रतिनिधिमंडल में जगन गुर्जर के पुत्र आशाराम गुर्जर, प्रहलाद सिंह खटाना, भीम सिंह गुर्जर, सुन्दर सिंह गुर्जर सहित 11 सदस्य शामिल रहे। करीब विस्तृत चर्चा के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने हत्याकांड से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्यों, जांच की प्रगति, दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार की सुरक्षा सहित विभिन्न मुद्दों को गृह राज्यमंत्री के समक्ष रखा।
पूर्व विधायक एवं रालोद प्रदेश अध्यक्ष जोगिंदर सिंह अवाना ने बताया कि उन्होंने स्वयं इस मुलाकात का आग्रह किया था ताकि पीड़ित परिवार अपनी बात सीधे सरकार तक पहुंचा सके। उन्होंने कहा कि प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री के समक्ष हत्याकांड से जुड़े कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की, जिन पर सकारात्मक सहमति बनी।
गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार इस मामले को गंभीरता से देख रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जगन गुर्जर हत्याकांड में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। जांच निष्पक्ष, पारदर्शी और तथ्यों के आधार पर आगे बढ़ाई जाएगी तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक के बाद प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि सरकार के इस आश्वासन के बाद जांच में तेजी आएगी और जल्द ही मामले में ठोस कार्रवाई देखने को मिलेगी। वहीं पूर्व विधायक जोगिंदर सिंह अवाना ने कहा कि वह इस प्रकरण की लगातार निगरानी करेंगे और जब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिल जाता, तब तक उनकी आवाज सरकार और प्रशासन तक पहुंचाते रहेंगे।
जगन गुर्जर हत्याकांड पहले से ही क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। अब गृह राज्यमंत्री के स्तर पर हुई इस महत्वपूर्ण बैठक के बाद मामले में आगे की कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं। पीड़ित परिवार को उम्मीद है कि सरकार के आश्वासन के अनुरूप जल्द ही जांच निर्णायक मोड़ पर पहुंचेगी और दोषियों को कानून के कठघरे तक लाया जाएगा।
विजय कुमार शर्मा ब्यूरो

