November 22, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

चाय बनाने से मना करने पर पति ने कुल्हाड़ी से पत्नी को काट डाला, मौके पर मौत

1 min read
Spread the love

चाय बनाने से मना करने पर पति ने कुल्हाड़ी से पत्नी को काट डाला, मौके पर मौत

12 साल के बेटे ने 112 पर दी सूचना

गोण्डा। जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई है। कौड़िया बाजार थाना क्षेत्र के कोटिया मदारा गांव में शुक्रवार देर रात नशे में धुत पति ने मामूली कहासुनी के बाद कुल्हाड़ी से हमला कर पत्नी की निर्मम हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। इस दिल दहला देने वाली घटना का गवाह बना मृतका का 12 साल का बेटा, जिसने साहस दिखाते हुए डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर कौड़िया थाना क्षेत्र की है। गांव निवासी मनोज कुमार शुक्ला अपनी पत्नी सुमन (35), बेटे किशन (12) और बेटी शगुन (4) के साथ रहता है। परिजनों के अनुसार मनोज को शराब की लत है। शराब पीने को लेकर आए दिन पति-पत्नी में विवाद होता था। शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे मनोज नशे की हालत में घर लौटा। उसने पत्नी से चाय बनाने को कहा। सुमन ने थकान की बात कहते हुए मना कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों में बहस तेज हो गई। आरोप है कि गुस्से में मनोज घर में रखी कुल्हाड़ी उठा लाया और पत्नी के सिर पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से सुमन की मौके पर ही मौत हो गई। उस वक्त घर में दोनों मासूम बच्चे मौजूद थे और दहशत में आ गए।

बेटे ने दिखाई हिम्मत, पुलिस को बुलाया

घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। मृतका के 12 साल के बेटे किशन ने हिम्मत जुटाकर डायल-112 पर फोन कर पुलिस को बताया कि उसके पिता ने मां की हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही कौड़िया थाना पुलिस और आला अधिकारी मौके पर पहुंचे।

फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

एएसपी पश्चिमी नितेश सिंह ने बताया कि सूचना पर तत्काल पुलिस टीम मौके पर भेजी गई। घटनास्थल की बारीकी से जांच के लिए फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को बुलाया गया। टीम ने मौके से खून के नमूने और हत्या में प्रयुक्त हथियार से जुड़े साक्ष्य जुटाए हैं। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

मां की तहरीर पर पति-सास पर केस

मृतका की मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पति मनोज कुमार शुक्ला और उसकी मां के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। एएसपी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें गठित की गई हैं। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद से गांव में सनसनी फैली हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *