July 8, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

स्मैक तस्करी के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार, 10000 का इनामी गिरफ्तार

1 min read
Spread the love

स्मैक तस्करी के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार,10 हजार का इनामी हार्डकोर बदमाश सुरेन्द्र मीना गिरफ्तार, तीन दिन की घेराबंदी के बाद कोर्ट पहुंचते ही दबोचा,

चोरी, लूट और मादक पदार्थ तस्करी के कई मामलों में वांछित था आरोपी, पुलिस अब पूरे तस्करी नेटवर्क की खंगाल रही कड़ियां,


बाड़ी, धौलपुर
धौलपुर पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए स्मैक तस्करी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी बदमाश सुरेन्द्र सिंह मीना को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी चोरी, लूट और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी सहित कई संगीन मामलों में वांछित था। उसकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब उससे पूछताछ कर मादक पदार्थों के पूरे नेटवर्क का खुलासा करने में जुट गई है।पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान (आईपीएस) के निर्देशन में जिलेभर में हिस्ट्रीशीटर, हार्डकोर अपराधियों, इनामी बदमाशों तथा अवैध हथियार और मादक पदार्थों के तस्करों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एडीएफ) श्रवणदास झोरड़ तथा वृत्ताधिकारी बाड़ी महेन्द्र सिंह (आरपीएस) के निकट पर्यवेक्षण में थाना सोने का गुर्जा और थाना बाड़ी कोतवाली पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया।

क्या है मामला।

पुलिस के अनुसार, बाड़ी थाना में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में 11 अप्रैल 2026 को तत्कालीन थानाधिकारी देवेन्द्र कुमार शर्मा ने एक आरोपी के कब्जे से करीब 920 ग्राम स्मैक बरामद की थी। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने खुलासा किया कि यह मादक पदार्थ उसने सुरेन्द्र सिंह मीना से खरीदा था। इसके बाद से ही सुरेन्द्र सिंह फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।पुलिस टीम ने लगातार तीन दिनों तक अलग-अलग संभावित ठिकानों पर दबिश दी। पुलिस का दबाव बढ़ने पर आरोपी ने आखिरकार न्यायालय में आत्मसमर्पण करने की कोशिश की, लेकिन पहले से सतर्क पुलिस ने कोर्ट परिसर में ही उसे गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ के दौरान आरोपी ने एनडीपीएस एक्ट से जुड़े अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब उससे पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि जिले और आसपास के क्षेत्रों में स्मैक की सप्लाई किन-किन लोगों तक की जाती थी तथा इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड,

पुलिस के अनुसार सुरेन्द्र सिंह मीना के खिलाफ विभिन्न थानों में चोरी, लूट, डकैती और मादक पदार्थ तस्करी सहित कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके विरुद्ध सदर धौलपुर, कंचनपुर, जयपुर के जालूपुरा थाना सहित अन्य स्थानों पर गंभीर धाराओं में मामले लंबित हैं। इसी वजह से उसे हार्डकोर अपराधियों की सूची में शामिल किया गया था।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका,

इस कार्रवाई में थाना सोने का गुर्जा के थानाधिकारी कैलाश चंद, बाड़ी कोतवाली थानाधिकारी देवेन्द्र कुमार शर्मा व उनकी टीम, एएसआई सुरेशचंद, कांस्टेबल रविन्द्र सिंह, विनोद कुमार तथा चालक कांस्टेबल महावीर सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अपराधियों और मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा किसी भी वांछित अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

विजय कुमार शर्मा ब्यूरो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *