भूमाफियाओं पर कार्रवाई में देरी, बेदखली आदेश के बाद भी ग्राम सभा की भूमि पर बना अवैध कब्जा
1 min read
लखीमपुर खीरी।
तहसील लखीमपुर क्षेत्र के ग्राम चिमनी, ग्राम पंचायत डिम्हौरा स्थित ग्राम सभा की भूमि से अतिक्रमण हटाने को लेकर न्यायालय के बेदखली आदेश के बावजूद कार्रवाई न होने का मामला सामने आया है। पीड़ित महेंद्र पाल पुत्र राम गुलाम ने आरोप लगाया है कि न्यायालय द्वारा पारित आदेश का अब तक पालन नहीं कराया गया, जिससे ग्राम सभा की भूमि पर अवैध कब्जा यथावत बना हुआ है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, सक्षम न्यायालय ने 10 जून 2026 को बेदखली का आदेश पारित करते हुए विपक्षी को 15 दिनों के भीतर अतिक्रमण हटाकर भूमि खाली करने के निर्देश दिए थे। निर्धारित अवधि 25 जून 2026 को समाप्त हो जाने के बाद भी न तो कब्जाधारक ने भूमि खाली की और न ही राजस्व विभाग ने आदेश के अनुपालन के लिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।
पीड़ित महेंद्र पाल का कहना है कि उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कई बार गुहार लगाई, लेकिन अभी तक ग्राम सभा की भूमि को कब्जामुक्त नहीं कराया गया। उनका आरोप है कि आदेश के अनुपालन में हो रही देरी से न्यायालय के निर्देशों की अनदेखी हो रही है और सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा बना हुआ है।
पीड़ित ने प्रशासन से मांग की है कि राजस्व विभाग एवं आवश्यक पुलिस बल के साथ संयुक्त टीम गठित कर न्यायालय के बेदखली आदेश का तत्काल पालन कराया जाए तथा ग्राम सभा की भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया जाए।
पीड़ित ने बताया कि उनके पास न्यायालय के आदेश की प्रति एवं अन्य संबंधित अभिलेख उपलब्ध हैं, जिन्हें उन्होंने साक्ष्य के रूप में प्रस्तुत किया है। फिलहाल प्रशासन की ओर से इस प्रकरण में आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
आदर्श वर्मा




