पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 7 आरोपी गिरफ्तार; 94 कुंतल गेहूं,2.57 लाख नकद,डीसीएम,बलेनो,तमंचा और इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद
1 min readइलेक्ट्रॉनिक तराजू से किसानों को लगा रहे थे करोड़ों की चपत,फायरिंग करने वाला अंतरजनपदीय गिरोह दबोचा
जसपुरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 7 आरोपी गिरफ्तार; 94 कुंतल गेहूं,2.57 लाख नकद,डीसीएम,बलेनो,तमंचा और इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद
बांदा।
जिले में किसानों के साथ सुनियोजित तरीके से घटतौली कर लाखों रुपये की ठगी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का जसपुरा पुलिस ने पर्दाफाश किया है।बिजनौर से संचालित इस गिरोह के सात सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है।आरोप है कि गिरोह इलेक्ट्रॉनिक तराजू में हेराफेरी कर किसानों का कई-कई कुंतल गेहूं कम तौलकर खरीदता था।जब किसानों ने धोखाधड़ी पकड़ ली और विरोध किया तो आरोपियों ने तमंचे से फायरिंग कर जान से मारने का प्रयास किया और गेहूं से भरी डीसीएम लेकर फरार हो गए।पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में गठित टीम ने सूचना के आधार पर झंझरी पुरवा मार्ग पर घेराबंदी कर सातों आरोपियों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान एक आरोपी के पास से अवैध तमंचा,जिंदा व खोखा कारतूस बरामद हुआ,जबकि अन्य के कब्जे से 94 कुंतल गेहूं, 2.57 लाख रुपये नकद,एक बलेनो कार,एक डीसीएम,इलेक्ट्रॉनिक तराजू और सात मोबाइल फोन बरामद किए गए।पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे संगठित गिरोह बनाकर बांदा समेत आसपास के जिलों में किसानों से गेहूं खरीदते समय इलेक्ट्रॉनिक तराजू के नीचे पैर या अन्य तरीके से दबाव डालकर वजन कम दिखाते थे। इस तरीके से हर खरीद में कई कुंतल गेहूं की घटतौली कर मोटा मुनाफा कमाया जाता था। किसानों द्वारा धर्मकांटे पर दोबारा वजन कराने पर धोखाधड़ी का खुलासा हुआ तो गिरोह ने फायरिंग कर मौके से भागने की कोशिश की।पुलिस जांच में सामने आया है कि इसी गिरोह के खिलाफ पैलानी और कोतवाली देहात थाने में भी घटतौली और धोखाधड़ी के मुकदमे दर्ज हैं।पुलिस अब गिरोह के पूरे नेटवर्क,अन्य साथियों और दूसरे जनपदों में की गई वारदातों की भी जांच कर रही है।
एक नजर में बरामदगी
94 कुंतल गेहूं
₹2.57 लाख नकद
एक डीसीएम व एक बलेनो कार
एक अवैध तमंचा, एक जिंदा व एक खोखा कारतूस
इलेक्ट्रॉनिक तराजू,सात मोबाइल फोन आदि बरामद हुआ है।

