भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीमद्भागवत कथा प्रारम्भ, भजनों पर झूम उठे श्रद्धालु
1 min readधौलपुर राजस्थान।
धौलपुर में भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीमद्भागवत कथा शुरू, भजनों पर झूम उठे श्रद्धालु
मचकुण्ड मार्ग स्थित परशुराम सेवा सदन में वृंदावन के कथा व्यास आचार्य श्री भगवान जी ने किया कथा का प्ररांभ
धौलपुर।

मचकुण्ड मार्ग स्थित परशुराम सेवा सदन (मेला ग्राउंड के सामने) में गुरुवार को भव्य कलश यात्रा और विधि-विधान से पूजन के साथ आठ दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञानयज्ञ एवं एकादशी व्रत उद्यापन महोत्सव का मंगल शुभारंभ हो गया। मुख्य मार्गदर्शक गुरुजी श्री श्री 1008 देवानन्द जी महाराज के आशीर्वाद से आयोजित इस धार्मिक महोत्सव के पहले दिन क्षेत्र में अनूठा भक्तिमय माहौल देखने को मिला।
गुरुवार प्रातः 8:00 बजे गाजे-बाजे और ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यह कलश यात्रा भार्गव वाटिका गणेश मंदिर से शुरू होकर, घंटाघर होते हुए मचकुण्ड मार्ग स्थित परशुराम धर्मशाला (सेवा सदन) पहुँची। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालु पीले वस्त्र धारण कर, सिर पर मंगल कलश लिए मंगल गीत गाती हुई चल रही थीं। श्रद्धालुओं द्वारा लगाए जा रहे जयकारों से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा। जगह-जगह पुष्प वर्षा कर कलश यात्रा का भव्य स्वागत किया गया।
दोपहर 12 बजे से शुरू हुई मुख्य कथा में श्रीधाम वृंदावन से पधारे कथावाचक आचार्य पं. श्रीभगवान भैया जी ने व्यासपीठ का पूजन कर कथा का शुभारंभ किया। प्रथम दिन श्रीमद्भागवत महात्म्य का सुंदर वर्णन करते हुए आचार्य श्री ने कहा कि भागवत कथा इंसानी जीवन के दुखों को दूर कर मोक्ष का मार्ग प्रशस्त करती है। इसके श्रवण मात्र से करोड़ों जन्मों के पापों का नाश हो जाता है। मुख्य परीक्षित श्रीमती राजेश्वरी देवी एवं बौ. श्री हरिदेव मुद्गल ने सपत्नीक श्रीमद्भागवत ग्रंथ की आरती उतारी।
आयोजन समिति के देवेश मुद्गल ने बताया कि शुक्रवार (22 मई) को दोपहर 12 बजे से कथा के दूसरे दिन शुकदेव पूजन, कपिलदेव-हूति संवाद के प्रसंग सुनाए जाएंगे। कथा प्रतिदिन दोपहर 12:00 से सायं 05:00 बजे तक आयोजित होगी, जो 27 मई तक चलेगी। इसके बाद 28 मई को विशाल भंडारे (महाप्रसादी) का आयोजन होगा।
इस दौरान एडवोकेट महेश मुद्गल, राजेश मुद्गल, राकेश मुद्गल सहित संपूर्ण मुद्गल परिवार ने क्षेत्र के समस्त धर्मप्रेमी भाई-बहनों से रोजाना कथा में पहुंचकर धर्म लाभ उठाने की अपील की है।
