खून की कमी के बावजूद किया ऑपरेशन, प्रसूता और नवजात की मौत के बाद निजी अस्पताल सील,
1 min readधौलपुर, राजस्थान
धौलपुर शहर के एक निजी अस्पताल में कथित लापरवाही के चलते प्रसव के दौरान प्रसूता और नवजात की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला कलेक्टर श्रीनिधि बीटी स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।
जानकारी के अनुसार बिजौली निवासी अंगूरी पत्नी ओमप्रकाश को प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। ऑपरेशन के जरिए डिलीवरी कराई गई, लेकिन नवजात मृत पैदा हुआ। इसके बाद महिला की हालत बिगड़ती गई और शनिवार सुबह उसकी भी मौत हो गई।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी धर्म सिंह मीणा ने जांच में पाया कि प्रसूता के शरीर में खून की भारी कमी थी, इसके बावजूद अस्पताल द्वारा ऑपरेशन किया गया। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए अस्पताल को सील कर दिया गया। साथ ही अस्पताल के अवैध संचालन की भी जांच शुरू कर दी गई है।
घटना के बाद अस्पताल में भर्ती अन्य प्रसूताओं को जिला अस्पताल में शिफ्ट कराया गया। वहीं कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
विजय कुमार शर्मा ब्यूरो


