बीएसए ने प्राथमिक विद्यालय करमडांडा का औचक निरीक्षण किया
1 min readमिल्कीपुर।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने मंगलवार सुबह 10 बजे मिल्कीपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत करमडांडा स्थित प्राथमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय में चल रही कक्षाओं का अवलोकन किया और बच्चों से पठन-पाठन संबंधी जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान, बीएसए ने प्रधानाध्यापिका को स्मार्ट कक्ष के लिए एक अलग समय-सारणी बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने विद्यालय परिसर में स्थित खेल मैदान में मिट्टी डलवाने के लिए उच्च अधिकारियों से बात करने को भी कहा।
बीएसए ने कक्षा एक में 27 नए बच्चों के नामांकन पर प्रसन्नता व्यक्त की और सभी शिक्षकों की सराहना करते हुए नामांकन बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने विद्यालय की पठन-पाठन व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया।
उन्होंने इको क्लब की गतिविधियों का भी निरीक्षण किया और उसके रजिस्टर की जांच की। बीएसए ने इको क्लब की नोडल प्रीतु कुशवाहा और प्रधानाध्यापिका निवेदिता उपाध्याय के कार्य की प्रशंसा की।
भौतिक निरीक्षण के दौरान, बीएसए ने सफाईकर्मी की उपस्थिति के बारे में पूछा और विद्यालय की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के लिए उसे प्रतिदिन बुलाने का निर्देश दिया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य निवेदिता उपाध्याय, शिक्षिका शचीपूर्णा सिंह, प्रीति कुशवाहा, विभा जायसवाल, दिनेश तिवारी सहित समस्त विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा।

