April 10, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 12.69 करोड़ की ठगी करने वाला 43 हजार का इनामी अमित गौतम गिरफ्तार,

1 min read
Spread the love

धौलपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 12.69 करोड़ की ठगी करने वाला 43 हजार का इनामी अमित गौतम गिरफ्तार,

धौलपुर,
धौलपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब 12 करोड़ 69 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर 6 साल से फरार चल रहे 43 हजार रुपये के इनामी आरोपी अमित गौतम को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर 40 हजार रुपये का इनाम भरतपुर रेंज और 3 हजार रुपये का इनाम जयपुर पश्चिम पुलिस की ओर से घोषित था, जबकि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) भी लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी।
पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा के सुपरविजन में साइबर सेल धौलपुर की टीम पिछले 6 महीनों से जयपुर, उदयपुर, दिल्ली सहित कई स्थानों पर आरोपी की तलाश में जुटी थी। आखिरकार आरोपी को दिल्ली के लाजपत नगर सी ब्लॉक से गिरफ्तार किया गया।

200 लोगों को बनाया शिकार, फर्जी कंपनियों से रचा जाल,

पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपने साथी अरुण अग्रवाल के साथ मिलकर करीब 200 लोगों को निवेश के नाम पर ठगा। वह लोगों को कम समय में पैसा दोगुना करने और ज्यादा ब्याज का लालच देता था। इसके लिए उसने कई फर्जी कंपनियां बनाकर लोगों का भरोसा जीता और करीब 12.69 करोड़ रुपये हड़प लिए।

हाई-प्रोफाइल लोगों को बनाता था निशाना,

एम. फार्मा की पढ़ाई करने वाला आरोपी मेडिकल क्षेत्र की अच्छी जानकारी रखता था और डॉक्टर, इंजीनियर, व्यापारी व शिक्षण संस्थानों से जुड़े लोगों को निशाना बनाता था। भरोसा जीतने के लिए वह लग्जरी गाड़ियां, महंगी घड़ियां और मोबाइल का उपयोग करता था। यहां तक कि जिन लोगों के पास पैसा नहीं होता था, उन्हें खुद बैंक ले जाकर बड़े-बड़े लोन दिलवाता था।

राजस्थान के कई शहरों में दर्ज हैं मामले,

आरोपी के खिलाफ धौलपुर, जयपुर और उदयपुर में करीब 20 मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से फरार रहकर दिल्ली में मेडिकल स्टोर और जांच से जुड़ा काम कर रहा था तथा पहचान छिपाने के लिए डॉक्टर कोट और मास्क का इस्तेमाल करता था।

साइबर टीम की सूझबूझ से मिली सफलता,

पुलिस टीम ने तकनीकी इनपुट के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई। टीम ने दिल्ली में मेडिकल स्टोर और लैब्स पर पहुंचकर जानकारी जुटाई, यहां तक कि पहचान सुनिश्चित करने के लिए खुद ब्लड सैंपल तक दिए। लगातार प्रयासों और गोपनीय रणनीति के चलते आखिरकार आरोपी को पकड़ लिया गया।
इस कार्रवाई में निहालगंज थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम की अहम भूमिका रही, जिसमें कांस्टेबल हरवेन्द्र सिंह की विशेष योगदान रहा।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर अन्य मामलों और नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।

बाइट जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान

।।धौलपुर राजस्थान से विजय शर्मा की रिपोर्ट।।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *