April 8, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

ज्ञान, संस्कार और उत्साह का संगम: जूनियर हाईस्कूल अनथुवा में विदाई संग नव प्रवेशियों का भव्य अभिनंदन”

1 min read
Spread the love

“डॉ. अनूप सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में ज्ञान, संस्कार और उत्साह का संगम: जूनियर हाईस्कूल अनथुवा में विदाई संग नवप्रवेशियों का भव्य अभिनंदन”

अनथुवा बाॅंदा,
उच्च प्राथमिक विद्यालय अनथुवा में स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत एक भव्य एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कक्षा 8 के विद्यार्थियों को भावपूर्ण विदाई दी गई तथा नवप्रवेशी कक्षा 6 के बच्चों का जोरदार स्वागत किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी एवं ग्राम प्रधान अनथुवा डॉ. अनूप सिंह एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। विद्यालय की छात्राओं ने सुमधुर सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
मुख्य अतिथि डॉ. अनूप सिंह ने कार्यक्रम की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और उनके सर्वांगीण विकास का मार्ग प्रशस्त करते हैं। विशिष्ट अतिथि तथा सूचना प्रभारी संकुल खम्हौरा श्याम सुंदर वर्मा ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारण एवं निरंतर परिश्रम का संदेश देते हुए आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
प्राथमिक विद्यालय अनथुवा की प्रधानाध्यापिका जयंती सिंह ने अपने स्नेहिल उद्बोधन से सभी बच्चों को भावविभोर कर दिया तथा अनुशासन, परिश्रम और संस्कारों के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। प्राथमिक विद्यालय अनथुवा के सहायक अध्यापक सत्य साज सिंह ने कैरियर काउंसलर के रूप में विद्यार्थियों को भविष्य की विभिन्न संभावनाओं से अवगत कराया। उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे आधुनिक क्षेत्रों का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को समय के साथ कदम मिलाकर चलने की सीख दी।
उच्च प्राथमिक विद्यालय अनथुवा के प्रधानाध्यापक बाला प्रसाद शुक्ला ने सभी अतिथियों का स्वागत अपने स्वागत उद्बोधन द्वारा करते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय परिवार द्वारा अतिथियों को बैज, पुष्पमाला, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देकर सभी का मन मोह लिया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. अनूप सिंह ने अपने करकमलों से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
परीक्षा परिणाम इस प्रकार रहे—

कक्षा 6: खुशी सिंह (प्रथम), राधिका (द्वितीय), प्रमोद (तृतीय)
कक्षा 7: प्रतिभा सिंह (प्रथम), आशीष (द्वितीय), आदित्य (तृतीय)
कक्षा 8: खुशी (प्रथम), अंतरा (द्वितीय), उमा देवी (तृतीय)
सर्वाधिक उपस्थिति के लिए शांति, प्रीति एवं सुघर सिंह को भी सम्मानित किया गया।
विद्यालय की सहायक अध्यापिका शिखा गुप्ता एवं सुधा देवी ने भी विद्यार्थियों को जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का कुशल संचालन डा० इन्द्रवीर सिंह द्वारा किया गया तथा अंत में आभार ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *