रेलवे ट्रैक पर महिला का शव मिलने से सनसनी, प्रथम दृष्टया आत्महत्या की आशंका
1 min read
अयोध्या।
थाना महाराजगंज क्षेत्र के अलना भारी रेलवे स्टेशन के पास गुरुवार को एक महिला का शव रेलवे ट्रैक पर मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की।
पुलिस के अनुसार स्टेशन मास्टर अलना भारी ने सूचना दी कि रेलवे लाइन के पोल नंबर 938/9 व 938/7 अप लाइन के बीच एक महिला ट्रेन से कटी हुई अवस्था में पड़ी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, जिस पर उसकी पहचान श्रीमती पार्वती पाल (48) पत्नी कृष्ण कुमार पाल, निवासी तार गोहान थाना महाराजगंज जनपद अयोध्या के रूप में हुई। स्टेशन मास्टर द्वारा दिए गए मेमो के आधार पर पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी हाउस भेज दिया है। मृतका के पति कृष्ण कुमार पाल ने बताया कि पार्वती पाल गुरुवार सुबह घर से निकली थीं, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटीं। परिजन उनकी तलाश कर ही रहे थे कि इसी बीच रेलवे ट्रैक पर किसी महिला के कटने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचकर उन्होंने शव की पहचान अपनी पत्नी के रूप में की।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। घटना के बाद कुछ देर के लिए रेल यातायात प्रभावित रहा, लेकिन पुलिस द्वारा ट्रैक को समय से खाली कराकर स्थिति सामान्य कर दी गई।
प्रभारी निरीक्षक महाराजगंज ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा मौके पर शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।

