आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण में भ्रष्टाचार का आरोप, ग्रामीणों ने की जांच की मांग
1 min read
भीटी, अंबेडकरनगर।
जनपद के भीटी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत पिछवारा खास के पहूंती गांव में बन रहे आंगनबाड़ी केंद्र में भारी अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी करते हुए घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है, जिससे भवन की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है यह आंगनबाड़ी केंद्र वर्ष 2018 – 2019 में ही बनाया गया था, जिसमें केवल बालू और सीमेंट से चुनाई की गई थी। हैरानी की बात यह है कि लगभग सात वर्षों के भीतर ही भवन का नवीनीकरण शुरू कर दिया गया है। मौके पर मौजूद मिस्त्री द्वारा बताया गया कि निर्माण में सात बोरी बालू, आठ बोरी मौरंग और मात्र एक बोरी सीमेंट का मिश्रण तैयार किया जा रहा है, जो मानकों के विपरीत है।
स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि केंद्र पर बच्चों के लिए पीने के पानी और शौचालय की समुचित व्यवस्था नहीं है। शौचालय क्षतिग्रस्त होकर शोपीस बना हुआ है, जबकि भवन की दीवारों में दरारें स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही हैं। वर्तमान में इन दरारों को छिपाने के लिए प्लास्टर किया जा रहा है।
मामले को लेकर ग्रामीणों ने खंड विकास अधिकारी भीटी को शिकायती पत्र सौंपते हुए जांच की मांग की है। साथ ही एडीओ पंचायत और मुख्य विकास अधिकारी अंबेडकरनगर को भी दूरभाष के माध्यम से अवगत कराया गया है। अधिकारियों ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया
वहीं पर एडीओ पंचायत प्रभात सिंह के द्वारा आंगनबाड़ी का निरीक्षण किया गया और बताया कि यह आंगनवाड़ी 2016 या 2017 में बनी हुई थी जो कि पीडब्ल्यूडी विभाग के द्वारा बनवाईं गई थी जो कि यह आंगनवाड़ी पूरा जर्जर है।


