March 27, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

हाईटेंशन लाइन नीचे झुकी, हर वक्त मंडराता हादसे का खतरा

1 min read
Spread the love

हाईटेंशन लाइन नीचे झुकी, हर वक्त मंडराता हादसे का खतरा

कंबाइन निकलने में परेशानी, ग्रामीणों ने लाइन ऊंची कराने की मांग तेज की

दोस्तपुर सुल्तानपुर।

क्षेत्र के इंमली गांव स्थित लघु माध्यमिक विद्यालय के पास से गुजर रही 11000 वोल्ट की हाईटेंशन लाइन ग्रामीणों के लिए बड़ी समस्या बनी हुई है। मुख्य सड़क के ऊपर से गुजर रही यह लाइन काफी नीचे झुक गई है, जिससे बड़े कृषि यंत्रों, खासकर कंबाइन हार्वेस्टर के आवागमन में लगातार बाधा उत्पन्न हो रही है।
हाल ही में सरसों की कटाई के लिए आई कंबाइन मशीन को इसी स्थान पर रोकना पड़ा। तार की ऊंचाई कम होने के कारण मशीन के निकलने में खतरा पैदा हो गया। स्थिति को संभालने के लिए मौके पर पहुंचे लाइनमैन ने गंगापुर-भुलिया सबस्टेशन की बिजली सप्लाई अस्थायी रूप से बंद करवाई। इसके बाद उन्होंने मशीन पर चढ़कर तार को ऊपर उठाया, तब जाकर कंबाइन सुरक्षित तरीके से पार हो सकी। ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है और हर बार इसी तरह जोखिम उठाकर मशीनों को निकाला जाता है। संबंधित खंभे का क्रॉस आर्म जर्जर होकर टेढ़ा हो चुका है, जिससे तार और नीचे लटक गया है। ऐसे में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए कहा है कि खंभे के क्रॉस आर्म को बदला जाए और एंगल लगाकर तार की ऊंचाई बढ़ाई जाए। ग्रामीणों का मानना है कि समय रहते सुधार न हुआ तो किसी दिन गंभीर दुर्घटना हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *