जल जीवन मिशन के विद्युत कनेक्शन शीघ्र करने के दिए निर्देश-डीएम
1 min readजल जीवन मिशन के विद्युत कनेक्शन शीघ्र करने के दिए निर्देश-डीएम
प्रकरणों का त्वरित समाधान एवं तर्कसंगत किया जाना करें सुनिश्चित
धौलपुर,
फ्लैगशिप योजनाएं, बजट घोषणा, राज उन्नति, विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति, मौसमी बीमारियों की रोकथाम की समीक्षा बैठक का आयोजन जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया। उन्होंने बैठक के दौरान आपदा प्रबंधन के तहत स्वीकृत किए गए कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि सबंधित विभाग शत-प्रतिशत स्वीकृत राशि का उपयोग किया जाना सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं एवं बजट घोषणाओं का धरातल पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों को समय पर लाभ मिल सके। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में राजस्थान सम्पर्क पोर्टल, जिला स्तरीय जनसुनवाई एवं प्रतिदिन जनसुनवाई में प्राप्त लंबित परिवादों की विभागवार समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि लंबित प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण किया जाए। साथ ही न्यूज पेपर कटिंग्स पर भी चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री कार्यालय से प्राप्त परिवादों की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने कहा कि इन प्रकरणों को अत्यंत संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता से लिया जाए तथा त्वरित समाधान एवं तर्कसंगत किया जाना सुनिश्चित करें। बैठक में जिले में सड़कों की मरम्मत की स्थिति, विद्युत आपूर्ति, तथा स्वच्छ पेयजल आपूर्ति की भी समीक्षा की गई।
उन्होंने विद्युत विभाग को निर्देश देते हुए कहा कि सरमथुरा चिकित्सालय में विद्युत कनेक्शन शीघ्र करवाया जाए जिससे चिकित्सालय में सुचारू रूप से कार्यों का संचालन किया जा सके। इसके साथ ही जल जीवन मिशन के विद्युत कनेक्शनों को शीघ्र करने के निर्देश देते हुए कहा कि कनेक्शन होने के उपरांत गर्मी के मौसम में आमजन को पर्याप्त मात्रा में पेयजल उपलब्ध हो सके। उन्होंने महिला अधिकारिता विभाग को लाडो प्रोत्साहन योजना के लक्ष्यों को शीघ्र प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जिले में आयोजित होने वाले आगामी रोजगार मेला में अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे इसलिए संबंधित विभाग अपने विभागीय स्तर पर तैयारियां पूर्ण किया जाना सुनिश्चित करे।
उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। इस दौरान नगर परिषद धौलपुर क्षेत्र में जल भराव वाले क्षेत्रों से पानी निकासी एवं साफ-सफाई व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। उन्होंने नालों की नियमित सफाई तथा जल निकासी की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। गत साप्ताहिक बैठक में दिए गए निर्देशों की पालना की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने कहा कि निर्देशों की अनुपालना में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए मौसमी बीमारियां की रोकथाम जलभराव क्षेत्र में फोगिंग एवं एंटीलार्वा गतिविधियां किया जाना सुनिश्चित करें। उन्होंने बोर्ड परिक्षाओं को देखते हुए रात्रि 10 बजे के पश्चात तीव्र ध्वनि वाले डीजे पर पाबंदी लगाने तथा निर्धारित समय से पूर्व भी कम आवाज पर डीजे बजाने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर हरिराम मीना, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी बबली राम जाट, उपखण्ड अधिकारी कर्मवीर सिंह, सहायक निदेशक लोक सेवाएं बंशीधर योगी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
ब्यूरो विजय शर्मा

