स्वच्छता के प्रति सख्त रुख, कचरा फैलाने पर नगर पालिका की प्रभावी कार्रवाई
1 min readधौलपुर उपखंड के बाडी नगर पालिका बाड़ी द्वारा शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाए रखने हेतु सख्त अभियान चलाया जा रहा है। बाड़ी उपखंड अधिकारी एवं प्रशासक भगवत शरण त्यागी के निर्देशन में अधिशाषी अधिकारी अभिताभ बच्चन मीणा (ईओ) के नेतृत्व में स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध निरंतर कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में महाराज बाग क्षेत्र स्थित एक दुकान द्वारा दुकान का कचरा सार्वजनिक सड़क पर डाले जाने की शिकायत प्राप्त होने पर नगर पालिका टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित दुकानदार पवन शिसोदिया पर ₹500 का जुर्माना लगाया गया।
अधिशाषी अधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर कचरा डालना न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि शहर की स्वच्छता एवं आमजन के स्वास्थ्य के लिए भी हानिकारक है। नगर पालिका प्रशासन द्वारा पूर्व में भी व्यापारियों एवं नागरिकों को निर्धारित स्थानों पर ही कचरा डालने हेतु जागरूक किया गया है, इसके बावजूद लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध अब सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने सभी व्यापारियों, दुकानदारों एवं नागरिकों से अपील की है कि वे नगर पालिका के स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहयोग करें, कचरा सड़क पर न डालें तथा डोर-टू-डोर कलेक्शन या निर्धारित कचरा पात्र का ही उपयोग करें। नगर पालिका बाड़ी का स्वच्छता अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा और शहर की गरिमा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

