February 19, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

भीषण सड़क हादसा पिकअप की टक्कर से एक युवक की मौत, दो गंभीर

1 min read
Spread the love

कुचेरा बाजार में भीषण सड़क हादसा पिकअप की टक्कर से एक युवक की मौत, दो गंभीर

मिल्कीपुर अयोध्या
थाना इनायत नगर क्षेत्र के कुचेरा बाजार में बुधवार शाम करीब 7:30 बजे एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा जगदीशपुर अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुचेरा-शाहगंज मोड़ के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवार तीन युवकों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाहगंज की ओर से आ रही बाइक जब अनंतराम बर्तन भंडार के पास हाइवे कट से सड़क पार कर रही थी, तभी रायबरेली की दिशा से आ रही पिकअप संख्या UP 32 MN 9033 ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक उछलकर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के समय मौके पर मौजूद उपनिरीक्षक अभिषेक कुमार और हेड कांस्टेबल धनंजय पटेल ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत NHAI 1033 एंबुलेंस को सूचना दी। घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां 32 वर्षीय नरेंद्र कुमार (नंदू पाल) पुत्र बांकेलाल निवासी अहिरौली सलोनी को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना में घायल उनके छोटे भाई महेंद्र कुमार (किशन पाल), 25 वर्ष, तथा राम सुमेर पुत्र जोखू निवासी जोहन पाली का इलाज मेडिकल कॉलेज, दर्शन नगर में जारी है। दोनों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, मृतक नरेंद्र और घायल महेंद्र सगे भाई हैं। नरेंद्र कुमार अपने पीछे छह वर्षीय पुत्र मानव, आठ वर्षीय पुत्री मानवी और पांच वर्षीय पुत्री महर को छोड़ गए हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। छोटे-छोटे बच्चों और महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद पुलिस ने पिकअप वाहन का पीछा कर कुचेरा मजनाई मोड़ से पहले उसे पकड़ लिया। वाहन को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
थाना प्रभारी रतन कुमार शर्मा ने बताया कि अभी तक परिवार की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *