पलिया प्रीमियर लीग का खिताब बिरौली के नाम, शाहगंज को 9 विकेट से हराया
1 min readमिल्कीपुर अयोध्या

विकासखंड मिल्कीपुर के पलिया जगमोहन सिंह गांव में आयोजित पीपीएल (पलिया प्रीमियर लीग) सीजन वन का फाइनल मुकाबला रोमांचक अंदाज में संपन्न हुआ। फाइनल में बिरौली की टीम ने शाहगंज को 9 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। मुकाबले का शुभारंभ भूतपूर्व नौसेना सैनिक आनरी लेफ्टिनेंट मोहम्मद शाहिद और राधा ब्रिक फील्ड के अमित तालरेजा ने फीता काटकर किया।
फाइनल से पूर्व खेले गए पहले क्वालीफायर में शाहगंज ने बिरौली को 16 रन से हराकर फाइनल में प्रवेश किया था। वहीं दूसरे क्वालीफायर में बिरौली ने रज्जू 11 मीठे गांव को हराकर फाइनल में जगह बनाई।
फाइनल में शाहगंज ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 12 ओवर में 75 रन बनाए। जवाब में बिरौली ने सातवें ओवर में एक विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। मुकेश को मैन ऑफ द मैच तथा शाहगंज के विशाल को मैन ऑफ द सीरीज घोषित किया गया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि आलोक सिंह रोहित ने विजेता बिरौली को 11,000 रुपये व उपविजेता शाहगंज को 5,100 रुपये व ट्रॉफी प्रदान की। आयोजन में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
