विधानसभा चुनाव अपने दम पर लड़ेगी बसपा :- रामसेवक प्रजापति
1 min readबांदा

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के जिलाध्यक्ष रामसेवक प्रजापति ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि वर्ष 2027 का उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव पार्टी अपने दम पर लड़ेगी और पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी सुप्रीमो मायावती ने किसी भी दल के साथ गठबंधन की संभावनाओं को सिरे से खारिज कर दिया है और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि बसपा का लक्ष्य प्रदेश में बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाना है। इसके लिए सभी जिलाध्यक्षों और पदाधिकारियों को बूथ लेवल कमेटियों का गठन तेजी से पूर्ण करने तथा सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन ही चुनावी सफलता की कुंजी है और पार्टी कार्यकर्ता पूरे उत्साह के साथ इस दिशा में कार्य कर रहे हैं।
रामसेवक प्रजापति ने कहा कि बसपा सर्व समाज को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है और प्रदेश की जनता एक बार फिर पार्टी की नीतियों और नेतृत्व पर विश्वास जताएगी। उन्होंने दावा किया कि कानून व्यवस्था, विकास और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर जनता बसपा के पक्ष में है।
जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव और वार्ड-वार्ड तक पहुंचकर पार्टी की नीतियों का प्रचार-प्रसार करें तथा मतदाताओं से सीधा संवाद स्थापित करें। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में बसपा मजबूत प्रदर्शन करते हुए उत्तर प्रदेश में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी।
