सड़क सुरक्षा माह के तहत स्कूली वाहनों की सघन जांच, चालकों को दी गई सख्त हिदायत
1 min read
जालौन।

आज दिनांक 16 फरवरी 2026 को “सड़क सुरक्षा माह” के अंतर्गत परिवहन विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान वरिष्ठ-सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) सुरेश कुमार ने कालपी रोड उरई स्थित एस.आर. स्कूल पहुंचकर स्कूली वाहनों की गहन जांच की।
जांच के दौरान वाहन चालकों को छात्रों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि विद्यालय वाहनों से छात्र-छात्राओं को लाते-ले जाते समय विशेष सावधानी बरतें, बच्चों को उनके घर से ही रिसीव करें और सुरक्षित उनके घर तक ही छोड़ें। किसी भी स्थिति में वाहन की क्षमता से अधिक बच्चों को न बैठाया जाए।
चालकों को अपने लेन में वाहन चलाने, रॉन्ग साइड न जाने, तेज गति से वाहन न चलाने तथा प्रेशर हॉर्न का प्रयोग न करने की सख्त हिदायत दी गई। साथ ही सामने चल रहे वाहन से पर्याप्त दूरी बनाए रखने की सलाह भी दी गई ताकि किसी भी अप्रिय दुर्घटना से बचा जा सके।
इस दौरान वाहन चालकों को सभी आवश्यक दस्तावेज जैसे पंजीयन प्रमाणपत्र, फिटनेस, बीमा, परमिट व ड्राइविंग लाइसेंस साथ रखने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने राहवीर योजना, हिट एंड रन योजना तथा कैशलेस ट्रीटमेंट योजना की भी विस्तृत जानकारी देकर जागरूक किया।
स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी चालकों एवं परिचालकों को समय-समय पर स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण कराने की सलाह दी गई। साथ ही यह भी कहा गया कि यदि कोई समस्या हो तो उसे विद्यालय प्रबंधन या परिवहन विभाग के अधिकारियों से साझा करें ताकि समय रहते समाधान किया जा सके।
वाहनों में रखे फर्स्ट एड बॉक्स की नियमित जांच करने, दवाइयों की वैधता पर ध्यान देने तथा वाहन में अग्निशमन यंत्र अनिवार्य रूप से रखने व उसका प्रशिक्षण लेने पर भी जोर दिया गया। अभियान के दौरान मानक विहीन संचालित वाहनों के खिलाफ नियमानुसार प्रवर्तन कार्रवाई भी की गई।
