विकास कार्यों की समीक्षा संभागीय आयुक्त नलिनी कठोतिया ने कसी कमर, अधिकारियों को दिए डेडलाइन के सख्त निर्देश
1 min read
धौलपुर,

विकास की रफ्तार को नई धार देने और सरकारी योजनाओं के लाभ को अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुँचाने के संकल्प के साथ जिला कलेक्ट्रेट सभागार में संभागीय आयुक्त नलिनी कठोतिया की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में आयुक्त ने स्पष्ट शब्दों में आह्वान किया कि शत-प्रतिशत लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए अधिकारी आपसी समन्वय की दीवारें तोड़कर एक टीम की तरह कार्य करें। उन्होंने जोर देकर कहा कि राज्य सरकार की फ्लेगशिप योजनाएं और बजट घोषणाएं केवल फाइलों तक सीमित न रहें, बल्कि धरातल पर इनका प्रभाव दिखे, विशेषकर उन वंचित और कमजोर वर्गों के लिए जिन्हें मुख्यधारा में लाने का ध्येय सरकार ने रखा है।
बैठक के दौरान संभागीय आयुक्त ने वर्ष 2024-25 और 2025-26 की बजट घोषणाओं के अंतर्गत चल रहे कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान केंद्रित किया। उन्होंने सार्वजनिक निर्माण विभाग को सड़कों और भवनों के निर्माण में तेजी लाने, जलदाय विभाग को जल जीवन मिशन के अधूरे कार्यों को जल्द पूरा करने के साथ ही गर्मी के मौसम में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र में पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने और विद्युत विभाग को जीएसएस परियोजनाओं को समय सीमा में जनहित में समर्पित करने के निर्देश दिए। एक विशेष विजन साझा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को आगाह किया कि किसी भी परियोजना के प्रस्ताव से पूर्व भूमि के स्वामित्व और एनओसी संबंधी पेचीदगियों को सुलझा लें, ताकि भविष्य में बजट वृद्धि और कानूनी अड़चनों के कारण सरकारी कोष पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ न पड़े। विद्युत व्यवस्था की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने अधीक्षण अभियंता को निर्देश दिए कि ढीले तारों को ठीक कर आपूर्ति सुचारू रखी जाए। स्वास्थ्य के मोर्चे पर सीएमएचओ को आगामी गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए बीमारियों के प्रति सतर्क रहने और लाडो योजना की प्रगति सुनिश्चित करने के लिए आशा एवं एएनएम की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने जिला रसद अधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि खाद्य सुरक्षा सूची के लंबित प्रकरणों का निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि सीएचसी, पीएचसी पर पर्याप्त मात्रा में दवाइयां उपलब्ध किया जाना सुनिश्चित करें। उन्होंने सम्पर्क पोर्टल एवं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों का निस्तारण किया जाना सुनिश्चित करें। जनगणना-2027 का प्रशिक्षण बारिकियों के साथ साझा करते हुए दिया जाए। जिससे जनगणना में लगे कार्मिकों को किसी प्रकार की परेशानी ना हो। जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी ने संभागीय आयुक्त को आश्वस्त किया कि दिए गए निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित की जाएगी और राज उन्नति एजेंडे के तहत धौलपुर विकास के नए आयाम छुएगा। बैठक में उपखण्ड अधिकारी धौलपुर कर्मवीर सिंह, प्रशिक्षु भारतीय वन सेवा अधिकारी प्रतीक्षा नानासाहेब काले सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
ब्यूरो विजय शर्मा
