35 ग्राम स्मैक व अपाची बाइक और कैश के साथ शातिर तस्कर को पुलिस ने किया गिरफ्तार
1 min readबीकापुर में बड़ा खुलासा 35 ग्राम स्मैक, अपाची बाइक और कैश के साथ शातिर तस्कर दबोचा—8 पुराने केस और गैंगस्टर का इतिहास भी निकला

अयोध्या में अपराधियों के खिलाफ चल रहे अभियान में बीकापुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शाम के समय जलालपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास संदिग्ध वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने एक ऐसे शख्स को पकड़ा, जिसके पास से 35 ग्राम अवैध स्मैक, एक अपाची बाइक और 29,450 रुपये नकद बरामद हुए। आरोपी की पहचान अमित तिवारी उर्फ सोनू (28 वर्ष) के रूप में हुई, जो इनायतनगर का निवासी है और इस वक्त रामपुर परेई में रह रहा था।
पुलिस के अनुसार, अमित तिवारी लंबे समय से नशे की तस्करी में एक्टिव था। उसके नाम पर एनडीपीएस एक्ट के 8 मुकदमे पहले से दर्ज हैं। वर्ष 2023 में उस पर गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है। उसकी गिरफ्तारी के बाद उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 में नया केस दर्ज किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर और क्षेत्राधिकारी बीकापुर के पर्यवेक्षण में की गई इस कार्रवाई में टीम ने मौके पर आरोपी की तलाशी ली और भारी मात्रा में स्मैक के साथ उसे गिरफ्तार किया। आरोपी को कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए न्यायालय भेजा जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबारियों पर अभियान आगे भी और सख्ती के साथ जारी रहेगा।
