February 11, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

कर्मा देवी शैक्षणिक संस्थान में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का भव्य समापन, विधायक ने किया जन-जागरूकता का आह्वान

1 min read
Spread the love

कर्मा देवी शैक्षणिक संस्थान में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का भव्य समापन, विधायक अजय सिंह ने किया जन-जागरूकता का आह्वान

कर्मा देवी शैक्षणिक संस्थान में आयोजित समारोह में स्टेकहोल्डर विभागों व उत्कृष्ट कार्यकर्ताओं को किया गया सम्मानित

बस्ती।

मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश शासन के पत्र संख्या 3032/तीस-3-2025 दिनांक 31 दिसंबर 2025 के निर्देशानुसार प्रदेश भर में 01 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह मनाया गया। इसी क्रम में शुक्रवार को कर्मा देवी शैक्षणिक संस्थान, बस्ती के भव्य प्रेक्षागृह में सड़क सुरक्षा माह के समापन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, परिवहन विभाग, पुलिस प्रशासन, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों, शिक्षकों एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की सहभागिता रही।

समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि माननीय विधायक हरैया अजय सिंह द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात कर्मा देवी ग्रुप के छात्र-छात्राओं द्वारा सड़क सुरक्षा विषय पर आधारित जागरूकता लघु नाटक का प्रभावशाली मंचन किया गया, जिसमें हेलमेट, सीट बेल्ट, यातायात संकेतों के पालन तथा नशे की अवस्था में वाहन न चलाने जैसे महत्वपूर्ण संदेश प्रस्तुत किए गए। नाटक ने उपस्थित जनसमूह को भावनात्मक रूप से झकझोरते हुए सड़क सुरक्षा के प्रति सोचने पर मजबूर कर दिया। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के दौरान कर्मा देवी समूह द्वारा निरंतर एवं प्रभावशाली जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन व्यापक प्रयासों के लिए कर्मा देवी समूह को उत्कृष्ट कार्य हेतु सम्मानित किया गया, जो संस्थान की सामाजिक प्रतिबद्धता और जनहित के प्रति संवेदनशीलता को दर्शाता है।

अपने संबोधन में विधायक अजय सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का विषय नहीं, बल्कि यह सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन कर समाज के लिए उदाहरण प्रस्तुत करें, जिससे आमजन भी नियमों के प्रति प्रेरित हो सके। उन्होंने कर्मा देवी ग्रुप द्वारा शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों में निभाई जा रही सक्रिय भूमिका की प्रशंसा की।

इस अवसर पर सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में योगदान देने वाले विभिन्न स्टेक होल्डर विभागों—स्वास्थ्य विभाग, एनएचएआई, लोक निर्माण विभाग, यातायात विभाग एवं शिक्षा विभाग—के अधिकारियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही जनपद के चयनित राहवीर (गुड सेमेरिटन) प्रमोद ओझा, उच्च शिक्षा स्तर की भाषण प्रतियोगिता, रील निर्माण एवं लघु नाटक प्रतियोगिता के विजेताओं, उत्कृष्ट कार्य करने वाले रोडवेज बस चालकों तथा यातायात पुलिस व परिवहन विभाग के कर्मियों को प्रशस्ति पत्र एवं शॉल प्रदान कर सम्मानित किया गया।

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी माला बाजपेयी ने राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत परिवहन विभाग एवं कर्मा देवी ग्रुप के सहयोग से आयोजित विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) फरीदउद्दीन द्वारा सभी अतिथियों, अधिकारियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए समारोह का समापन किया गया।
कार्यक्रम के सफल, सुव्यवस्थित एवं प्रभावी संचालन में रेडियो ओमनी की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही, मंच संचालन के साथ-साथ सड़क सुरक्षा संदेशों का प्रभावी संप्रेषण किया गया, जिससे कार्यक्रम को व्यापक जनसमर्थन एवं सराहना प्राप्त हुई।
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के इस समापन समारोह ने यह संदेश स्पष्ट किया कि कर्मा देवी ग्रुप न केवल शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहा है, बल्कि समाज को सुरक्षित, जागरूक और जिम्मेदार बनाने की दिशा में भी सतत प्रयासरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *