भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की हुई दर्दनाक मौत, परिजनों में मचा कोहराम
1 min readबांदा

फतेहगंज थाना क्षेत्र में भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की हुई दर्दनाक मौत।
चित्रकूट जनपद के रसिन गांव निवासी धीरेंद्र उर्फ धीरू (35), राजा बाबू (33) और अर्जुन (32) कालिंजर थाना क्षेत्र के नीबी बिरौना में निर्माणाधीन घरों की शटरिंग का काम देखने जा रहे थे। लगभग रात 10 बजे पर्यटक सड़क पर कल्यानपुर गांव के पास कडेली नदी तट स्थित नट बाबा स्थान के निकट तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर शीशम के पेड़ से जा टकराई, जिससे तीनों सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस को सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची टीम ने घायलों को एम्बुलेंस से पहले सीएचसी नरैनी भेजा, जहां दो युवकों को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि तीसरे की मौत रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में हो गई। फतेहगंज थाना प्रभारी आर.के. सिंह और उपनिरीक्षक गुलाब चन्द्र यादव ने बताया कि चालक राजा बाबू ने हेलमेट पहना हुआ था, लेकिन तीनों युवक शराब के नशे में धुत्त थे। पंचनामा की कार्यवाही पूरी कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मृतक धीरेंद्र अविवाहित थे और अपने तीन भाइयों में सबसे बड़े थे, जबकि राजा बाबू और अर्जुन विवाहित थे तथा क्रमशः अपने भाइयों में दूसरे और सबसे बड़े स्थान पर थे। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नियां, पिता, भाई और अन्य रिश्तेदारो का रो-रोकर बुरा हाल हो गए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है!
