February 12, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

अधिकारी जनता के प्रति जवाबदेह होकर कार्य करें :- प्रभारी मंत्री

1 min read
Spread the love


धौलपुर,

राज्य मंत्री गृह, गौपालन, पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य विभाग व जिला प्रभारी मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक लेते हुए सरकारी कार्यों और योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की तथा आगामी वित्तीय वर्ष के बजट के मद्देनजर विभिन्न वर्गों से प्रस्ताव प्राप्त किए।
जिला प्रभारी मंत्री बेढ़म ने जिले में बिजली व्यवस्था पर चर्चा करते हुए कहा कि हमारी सरकार 2027 तक किसानों को दिन में बिजली देने की व्यवस्था करेगी। इसके लिए जब तक ट्रांसमिशन सिगनल विकसित हो तब तक आमजन को सहूलियत देने का कार्य करें। उन्होंने कहा कि अधिकारीगण जनप्रतिनिधियों से समन्वय करते हुए जनता को लाभान्वित करें। जिला स्तरीय अधिकारियों के लिए रात्रि चौपाल कैलेंडर तैयार करें। अधिकारी जनता के प्रति जवाबदेह होकर कार्य करें।
उन्होंने पेयजल उपलब्धता तथा वितरण की स्थिति, जल जीवन मिशन, जिले में नए जीएसएस के निर्माण की प्रगति, घरेलू और कृषि उपभोक्ताओं को विद्युत सप्लाई, आरडीएसएस के तहत प्रगतिरत कार्यों का फीडबैक लिया।
प्रभारी मंत्री बेढ़म ने इस बजट घोषणा के तहत सड़क निर्माण से जुड़े कार्यों की प्रगति जानी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विधानसभा में विकास कार्यों के लिए 30-30 करोड़ स्वीकृत किए है। सभी मिलकर धौलपुर के विकास के लिए कार्य करेंगे।
प्रभारी मंत्री ने जिले के जनप्रतिनिधि, व्यापारियों, समाजसेवियों, किसानों, युवाओं के अलग अलग सुझाव लेकर सभी सुझावों को संकलित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संकलित बजट सुझाव राज्य सरकार को उपलब्ध करवाएं जाएंगे, जिससे बजट से जुड़ी प्रक्रिया में सम्मिलित किया जा सके।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि पंच गौरव अभियान के तहत चयनित पर्यटन स्थल, खेल, उत्पाद और वृक्ष को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार के निर्देशानुसार कार्य किया जाए। इससे जिले को नई पहचान मिलेगी। उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जिला उत्थान योजना के तहत अब तक किए गए कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने विभागवार प्रगति के बारे में जाना।
जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी ने इस दौरान गत बजट घोषणा की प्रगति की बिंदुवार जानकारी दी। बैठक के दौरान जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान, उपवन संरक्षक वी चेतन कुमार, अतिरिक्त जिला कलक्टर हरिराम मीना, उपखण्ड अधिकारी बाड़ी भगवत शरण त्यागी, विधायक बाड़ी जसवंत सिंह गुर्जर, मोतीलाल मीणा, जिला अध्यक्ष भाजपा राजवीर सिंह, पूर्व विधायक गिर्राज सिंह मलिंगा, डॉ. शिवचरण कुशवाह, नीरजा शर्मा, सुखराम कोली सहित विभागीय अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

ब्यूरो विजय शर्मा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *