November 18, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

गुरुजी को देखकर खुशी से झूम उठे बच्चे, 40 तक के पहाड़े सुनकर भावुक हुए खाली हाथ सेवानिवृत्त शिक्षामित्र

1 min read
Spread the love

एक साल बाद गुरुजी को देखकर खुशी से झूम उठे बच्चे, 40 तक के पहाड़े सुनकर भावुक हुए खाली हाथ सेवानिवृत्त शिक्षामित्र

खुरहंड। शिक्षक और विद्यार्थियों का रिश्ता केवल विद्यालय तक सीमित नहीं होता, बल्कि यह जीवनभर यादों और संस्कारों के रूप में जीवित रहता है। इसका भावुक नजारा उस समय देखने को मिला, जब सितंबर 2025 में सेवानिवृत्त हुए प्राथमिक विद्यालय खुरहंड के पूर्व शिक्षामित्र रामकृष्ण अवस्थी अचानक विद्यालय पहुंच गए। अपने प्रिय गुरु को करीब एक साल बाद सामने देखकर बच्चे खुशी से झूम उठे।

रामकृष्ण अवस्थी ने अपने सेवाकाल में शिक्षण कार्य के साथ बीएलओ सहित विभिन्न विभागीय दायित्वों का भी पूरी निष्ठा से निर्वहन किया। तमाम जिम्मेदारियों के बीच उन्होंने बच्चों को पढ़ाने, उनमें नैतिक मूल्यों और संस्कारों का विकास करने में कोई कमी नहीं छोड़ी। उनका कहना है कि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री अव्यक्त राम तिवारी के मार्गदर्शन और खंड शिक्षा अधिकारी श्री विनोद कुमार पटेरिया के नेतृत्व से ही उन्हें अपने दायित्वों को बेहतर ढंग से निभाने की प्रेरणा मिली।

संयोगवश रास्ते से गुजरते समय उन्हें विद्यालय और अपने विद्यार्थियों की याद आ गई। वह सीधे स्कूल पहुंच गए। उस समय सभी शिक्षक स्वगणना कार्य में व्यस्त थे। प्रधानाध्यापिका अफसाना परवीन से मुलाकात हुई तो उन्होंने आत्मीयता से कहा कि आपकी विरासत लगातार आगे बढ़ रही है। बच्चे शैक्षिक अधिगम के साथ संस्कारों में भी बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।

समय की कमी के चलते अवस्थी सभी बच्चों से मुलाकात नहीं कर सके, लेकिन नेहा नाम की छात्रा से 40 तक के पहाड़े सुनकर उनका मन प्रफुल्लित हो उठा। कक्षा के अन्य बच्चों की प्रतिभा भी देखकर वह अभिभूत हुए। किसी बच्चे को 30 तक तो किसी को 40 तक के पहाड़े याद हैं। बच्चे फर्राटे से किताब पढ़ रहे हैं और गणित के सवाल भी आसानी से हल कर रहे हैं।

विद्यालय की शैक्षिक प्रगति देखकर पूर्व शिक्षामित्र ने प्रधानाध्यापिका अफसाना परवीन की कार्यक्षमता और जिम्मेदारी के प्रति समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानाध्यापिका के कुशल नेतृत्व में पूरा स्टाफ अपने दायित्वों का दक्षता और निष्ठा के साथ निर्वहन कर रहा है।

करीब एक साल बाद विद्यालय पहुंचकर बच्चों के बीच बिताए पलों ने उन्हें पुरानी यादों में पहुंचा दिया। बच्चों की उपलब्धियों ने यह अहसास करा दिया कि शिक्षक का सच्चा योगदान सेवानिवृत्ति के बाद भी विद्यार्थियों की सफलता और संस्कारों में जीवित रहता है।

Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *